🔳 12 लाख रुपये के भारी-भरकम बजट से किया गया है तैयार
🔳 एक वर्ष का लंबा समय बीतने के बावजूद शुरू नहीं हो सका संचालन
🔳 जिम्मेदारों की अनदेखी से क्षेत्रवासियों में भी नाराजगी
🔳 जिम्मेदार एक दूसरे पर जिम्मेदारी डाल कर रहे इतिश्री
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
पर्वतीय क्षेत्रों में स्वच्छ भारत मिशन का दम फूलने लगा है। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर काकड़ीघाट क्षेत्र में लगभग बारह लाख रुपये की भारी भरकम धनराशि से बना प्लास्टिक वैस्ट मैनेजमेंट यूनिट सफेद हाथी बन चुका है। ईकाई के भवन को बने एक वर्ष से भी अधिक का समय बीतने के बावजूद आज तक कार्य शुरु न होने से जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। विभागीय अधिकारी संचालन न होने का अलग अलग तर्क दे रहे हैं पर धरातल पर हालात जस के तस है।
सरकारी योजनाओं को पहाड़ चढ़ाने के लिए केंद्र व राज्य सरकार करोड़ों रुपये का बजट उपलब्ध करा रही है पर पहाड़ चढ़ते चढ़ते योजनाओं का दम फूल जा रहा है। हाईवे पर तमाम गांवों के मध्य में स्थित काकड़ीघाट क्षेत्र में प्लास्टिक कचरे के संग्रह, वर्गीकरण, प्रसंस्करण व निपटारे के लिए स्वजल विभाग की जिला परियोजना प्रबंधन इकाई ने एक वर्ष पूर्व बारह लाख रुपये के बजट से प्लास्टिक वैस्ट मैनेजमेंट यूनिट का निर्माण किया। उम्मीद थी की यूनिट स्थापित होने से गांवों से एकत्र प्लास्टिक का निस्तारण हो सकेगा पर उम्मीद धरी की धरी रह गई। प्लास्टिक वैस्ट मैनेजमेंट यूनिट में लगा ताला व अंदर रखी मशीन योजना के सुचारु होने का इंतजार कर रही है पर जिम्मेदारों की अनदेखी से संचालन आज तक शुरु ही नहीं हो सका है। भारी भरकम बजट होने के बावजूद योजना के धरातल में न उतरने से क्षेत्रवासियों ने भी नाराजगी जताई है। जिला पंचायत सदस्य निशा कनवाल, गोपाल सिंह कनवाल, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, कुबेर सिंह जीना आदि लोगों ने भी सरकारी बजट खर्च होने के बावजूद संचालन शुरु न होने पर रोष जताया है। आरोप लगाया की संचालन शुरु न कर बजट की बर्बादी कर दी गई है। क्षेत्रवासियों ने ईकाई को तत्काल शुरू करवाए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। डीडीओ विनोद गिरी के अनुसार प्लास्टिक वैस्ट मैनेजमेंट यूनिट का निर्माण कर संचालन के लिए जिला पंचायत को हस्तांतरित कर दिया गया है संचालन जिला पंचायत ने करना है। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी महेश कुमार के अनुसार रामनगर में यूनिट शुरु कर दी गई है। काकड़ीघाट व अन्य स्थानों पर भी जल्द यूनिट शुरु करने का प्रयास किया जा रहा है।




