🔳 हादसे टालने को सरकारी बजट से लगाए गए थे सुरक्षा कार्य
🔳 एनएच प्रशासन की चुप्पी पर खड़े हो रहे सवाल
🔳 अतिक्रमणकारियों की मनमानी एनएच विभाग को दे रही चुनौती
🔳 सुरक्षात्मक कार्यों के नुकसान आवाजाही भी हुई खतरनाक
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर सुरक्षित यातायात के प्रबंध अतिक्रमणकारियों के निशाने पर हैं बावजूद एनएच प्रशासन की कुभकरणीय नींद नहीं टूट रही। निगलाट व कैंची क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों ने क्रश बैरियर तक उखाड़ डाले हैं जबकि लोहे के रेडियम लगे पाइप तक जद में ले लिए हैं। हाईवे पर खुलेआम हो रहे अतिक्रमण के बावजूद जिम्मेदारों की चुप्पी बड़े सवाल खड़े कर रही है।
हाईवे पर सुरक्षित यातायात को करोड़ों रुपये के बजट से क्रश बैरियर व लोहे के रेडियम लगे पाइप स्थापित किए गए। सुरक्षात्मक कार्यों से वाहन चालकों को रात के समय आवाजाही में काफि राहत भी मिली पर अब सुरक्षात्मक कार्य अतिक्रमणकारियों के निशाने पर आ गए हैं। कैंची, निगलाट व आसपास के क्षेत्रों में निर्माण कार्य की बाढ़ से सुरक्षात्मक कार्य भी दफन होने लगे हैं। कई जगह भारी भरकम लागत के क्रश बैरियर गायब हो चुके हैं तो कई जगह उखाड़े गए क्रश बैरियर झाड़ियों में फेंके हुए हैं। वहीं रात के समय आवाजाही के लिए सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जाने वाले रेडियम लगे लोहे के पाइप तक अतिक्रमण की जद में आ चुके हैं। अतिक्रमणकारियों के बुलंद हौसले एनएच प्रशासन को चुनौती दे रहे हैं बावजूद संबंधित विभाग चुप्पी साधे बैठा है। अफसरों की अनदेखी से हाईवे पर आवाजाही करने वाले लोगों की जिंदगी से खुला खिलवाड़ तो हो ही रहा है वहीं सरकारी संपत्ति को भी तहस नहस कर बजट को बर्बाद किया जा रहा है। आवाजाही करने वाले लोगों के अनुसार आम आदमी यदि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है तो उसके ऊपर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाती है पर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ एनएच प्रशासन कार्रवाई करने में फेल साबित हो रहा है। लोगों ने मामले में करवाई कर हाईवे को अतिक्रमण से मुक्त करने पर जोर दिया है। एनएच के सहायक अभियंता आरसी पांडे के अनुसार जल्द ही निरीक्षण किया जाएगा। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।

error: Content is protected !!