🔳 मछलियों के शिकार से आहत जवान ने रानीखेत पुल पर लिखा संदेश
🔳 संदेश के जरिए मछलियों को न मारने की अपील
🔳 जवान के प्रयास को क्षेत्रवासियों ने बताया सराहनीय
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]
कोसी नदी में लगातार मछली मारने वालों को मना करने के बावजूद जब अनसुनी की गई तो पीआरडी जवान ने खुद के खर्चे से पेंट खरीद पुल पर मछली न मारने की चेतावनी लिख डाली। स्थानीय लोगों ने पीआरडी जवान के प्रयास को सराहनीय बताया। क्षेत्रवासियों ने भी नदी में मछलियों के शिकार को सख्ती से प्रतिबंधित किए जाने की मांग उठाई है।
कोसी व शिप्रा नदी क्षेत्र में जगह जगह मछलियों का शिकार करने वाले सक्रिय हैं। गंधक पोटाश के जरिए मछली मारते समय हुई अलग अलग घटनाओं में दो लोग गंभीर रुप से घायल भी हो चुके हैं बावजूद मछली मारने वाले बाज नहीं आ रहे। आए दिन दोनों नदियों में धड़ल्ले से मछलियों का शिकार किया जा रहा है। हालांकि पुलिस प्रशासन ने जगह जगह चेतावनी बोर्ड भी स्थापित किए हैं पर अराजक तत्व नदियों में मछलियों के शिकार पर आमादा है। नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर खैरना स्थित रानीखेत पुल के ठिक नीचे आए दिन मछली मारने वालों को मना करने के बावजूद जब अराजक तत्वों ने अनसुनी कर दी तो मंगलवार को पीआरडी जवान आंनद बल्लभ शास्त्री ने बाजार से पेंट व ब्रश खरीद रानीखेत पुल पर मछली न मारने की चेतावनी लिख दी। पीआरडी जवान ने लोगों से मछली न मारने की अपील की है। स्थानीय लोगों के अनुसार मछली मारने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जानी चाहिए तथा मछलियों के शिकार पर सख्ती से रोक लगाने की मांग भी उठाई है।




