🔳 मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर हुई कार्रवाई
🔳 शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया हल्द्वानी
🔳 होटल के कमरे में गोली लगने से हुई है टैक्सी चालक की मौत
🔳 सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में मचा हुआ है हड़कंप
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
कैंची क्षेत्र स्थित होटल में हुए गोलीकांड में मृतक टैक्सी चालक के भाई ने पुलिस को हत्या की आशंका व्यक्त कर होटल स्वामी के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने होटल स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है वहीं शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया है। राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने भी कोतवाली पहुंचकर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की मांग उठाई।
बीते शुक्रवार देर रात कैंची धाम स्थित एक रेस्टोरेंट के एक कमरे में होटल स्वामी की लाइसेंसी रिवाल्वर से चली गोली से टैक्सी चालक आनंद सिंह निवासी गडखेत (बेतालघाट) की मौत हो गई थी। घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कमरे को सील कर दिया। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक के छोटे भाई के न पहुंच पाने से शनिवार को शव का पंचनामा नही हो सका। रविवार को मृतक के छोटे भाई घनश्याम सिंह की मौजूदगी में शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के भाई घनश्याम सिंह ने होटल स्वामी रमेश किरौला के खिलाफ कोतवाली में तहरीर सौप बताया कि उसका भाई आनंद सिंह पुत्र स्व. लोक सिंह कैंची क्षेत्र में टैक्सी चलाता था तथा किरौला रेस्टोरेंट के एक कमरे में रहता था। खाली समय मे रेस्टोरेंट में खाना परोसने का कार्य करता था। शुक्रवार देर रात किरौला रेस्टोरेंट के मालिक रमेश किरौला की लाइसेंसी बंदूक से चली गोली से उसके भाई की मौत हो गई। घनश्याम ने भाई आंनद की हत्या होने की आशंका व्यक्त की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने होटल स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार मृतक के भाई से मिली तहरीर के आधार पर होटल स्वामी रमेश किरौला के विरुद्ध धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।




