🔳 एसडीएम ने किया सीएचसी का औचक निरीक्षण
🔳 उपस्थिति रजिस्टर की जांच कर मामले में जताई गहरी नाराजगी
🔳 सीसीटीवी फुटेज व बायोमेट्रिक उपस्थिति उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
🔳 जनहित से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त न करने की दी चेतावनी
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी को महज एकमात्र पीआरडी जवान के भरोसे छोड़ने का मामला तूल पकड़ गया है। मामले के जोर-शोर से उठने के बाद श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन भी हरकत में आ गया है। एसडीएम मोनिका ने अस्पताल का औचक निरीक्षण कर उपस्थिति रजिस्टर की जांच के बाद घटनाक्रम के दिन की सीसीटीवी फुटेज व बायोमेट्रिक उपस्थिति तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश अस्पताल प्रबंधन को दिए। एसडीएम के एकाएक निरीक्षण से सीएचसी में हड़कंप मच गया।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे तथा दर्जनों गांवों के मध्य में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बीते सोमवार शाम को समीपवर्ती छड़ा गांव के ग्रामीण स्थानीय पूरन सिंह को लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर मरीज को देखने के लिए कोई भी मौजूद नहीं था महज पीआरडी जवान अस्पताल में तैनात दिखा। सूचना चिकित्सा प्रभारी तक पहुंचने के बाद आनन फानन में नर्सिंग स्टाफ अस्पताल पहुंचा। चिकित्सक ने पूरन सिंह की जांच की पर उनकी मौत हो चुकी थी। मरीज को लेकर आए छड़ा गांव के ग्रामीणों ने अस्पताल में एक भी स्वास्थ्य कर्मी के न मिलने पर गहरी नाराजगी जताई। मंगलवार को प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े पदाधिकारियों व सदस्यों ने भी मामले में रोष जताया। व्यापारियों ने बैठक कर अस्पताल में बद से बद्तर होती जा रही व्यवस्था के लिए स्वास्थ्य विभाग को जिम्मेदार ठहराया। व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन का ऐलान कर डाला। गुरुवार को उपजिलाधिकारी मोनिका ने अस्पताल का निरीक्षण कर मामले के संबंध में जानकारी जुटाई। घटनाक्रम के दिन स्वास्थ्य कर्मियों के उपलब्ध न होने पर गहरी नाराजगी जताई। एसडीएम ने उपस्थित रजिस्टर की जांच के बाद अस्पताल में मौजूद मरीजों से भी सुविधाओं की जानकारी ली। अस्पताल प्रबंधन को सोमवार शाम की सीसीटीवी फुटेज व बायोमेट्रिक उपस्थिति उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। दो टूक चेताया की जनहित से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपजिलाधिकारी के एकाएक अस्पताल पहुंचने से हड़कंप मच गया। इस दौरान चीफ फार्मासिस्ट पवन पांडे, गिरीश चंद्र पांडे, हरदयाल सिंह आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!