🔳 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुयालबाड़ी में अब आंदोलन की सुगबुगाहट
🔳 सुविधाओं व चिकित्सकों के अभाव में गरमाने लगा है माहौल
🔳 राष्ट्रीय सेवा संघ प्रदेश महासचिव ने किया आंदोलन का ऐलान
🔳 स्वास्थ्य विभाग पर लगाया लोगों के हितों से खिलवाड़ का आरोप
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुयालबाड़ी में व्यवस्थाओं में सुधार न होने पर आंदोलन की सुगबुगाहट होने लगी है। राष्ट्रीय सेवा संघ व स्थानीय लोगों के एक माह पूर्व स्वास्थ्य मंत्री व मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजने के बावजूद कोई सुधार न होने पर अब संगठन के प्रदेश महासचिव व ग्राम प्रधान सिमराड भारतेन्दु पाठक ने गांवों के लोगों को साथ लेकर अस्पताल में धरना शुरु करने का ऐलान कर दिया है। बकायदा सीएमओ को दूरभाष पर जानकारी भी दे दी है।
तमाम गांवों के मध्य में स्थित सीएचसी सुयालबाड़ी में व्यवस्थाओं का अंबार लगा हुआ है। समुचित चिकित्सकों के न होने से गांवो के लोग परेशान है। कई बार स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार व समुचित चिकित्सकों की तैनाती की मांग उठाए जाने के बावजूद कोई सुध नहीं ली जा रही। बीते माह राष्ट्रीय सेवा संघ के बैनर तले तमाम गांवों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत को पत्र भेज व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई साथ ही सीएचसी में कार्यरत चिकित्सकों की अन्य अस्पतालों से संबद्धता समाप्त करने पर जोर दिया। एक महीने का लंबा समय बीतने के बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार न होने पर अब राष्ट्रीय सेवा संघ ने आंदोलन का बिगुल फूंकने का मन बना लिया है। संगठन के प्रदेश महासचिव व ग्राम प्रधान सिमराड भारतेन्दु पाठक के अनुसार महत्वपूर्ण अस्पताल होने के बावजूद सुविधाएं शून्य होती जा रही है। सप्ताह में एक दो दिन विशेषज्ञ भेजने का दावा किया जा रहा है पर धरातल पर स्थित जस की तस है। गांव के लोगों की उपेक्षा की जा रही है जिसे अब कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साफ कहा की जल्द ही गांवों के लोगों को साथ लेकर अस्पताल परिसर में आंदोलन शुरु कर दिया जाएगा। प्रदेश महासचिव ने बताया की मुख्य चिकित्साधिकारी डा. हरीश पंत को भी आंदोलन के संबंध में दूरभाष पर जानकारी दे दी गई है।




