🔳 उपज चौपट होने से आर्थिकी भी चरमराई
🔳 रातभर खेतों में पहला देकर जंगली जानवरों से बामुश्किल बचाई थी उपज
🔳 लगातार बारिश ने बर्बाद कर डाली उपज
🔳 सब्जियों के बाजार न पहुंचने से व्यापारियों को भी हुआ नुकसान
🔳 जनप्रतिनिधियों ने किसानों को मुआवजा दिए जाने की उठाई मांग
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
सब्जी उत्पादक कोसी घाटी के किसानों को इस वर्ष मानसूनी बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया है। किसानों की साल भर की हाड़तोड़ मेहनत को बारिश ने तबाह कर डाला। नुकसान पहुंचने से किसान मायूस हो चुके हैं। आजिविका के एकमात्र साधन खेतीबाड़ी में नुकसान से किसानों को त्यौहार भी फीके लगने लगे हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने किसानों को मुआवजा दिए जाने पर जोर दिया है।
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांव सब्जी उत्पादक पट्टी के नाम से विख्यात है। धनियाकोट, सिमलखा, सिल्टोना, ब्यासी, धारी, खैरनी, बजेडी समेत दर्जनों गांवों में फूलगोभी, पत्तागोभी, टमाटर, शिमला मिर्च, टमाटर तथा मड़वे की बंपर पैदावार होती है। सब्जी उत्पादन पर ही गांवों के लोगों की आर्थिकी भी निर्भर है। जंगली जानवरों से उपज को बचाने को किसानों ने रात रात तक खेतों में पहला दिया। किसानों को बेहतर पैदावार होने से इस वर्ष अच्छे मुनाफे की उम्मीद थी पर इस वर्ष मानसूनी बारिश ने सारी उम्मीदों को तहस नहस कर दिया। मानसूनी बारिश ने खेतों में उपज को तहस नहस कर डाला। भारी बारिश से खेत दलदल में तब्दील हो गए। किसान बामुश्किल ही थोड़ी बहुत उपज को बचाने में सफल हो पाए। दीपावली तक चलने वाली फसल इस वर्ष सितंबर में ही समाप्त हो गई। प्रगतिशील किसान कृपाल सिंह मेहरा, बिशन सिंह, हीरा सिंह, दयाल सिंह के अनुसार बारिश से काफि नुकसान उठाना पड़ा है। फसल चौपट होने से आर्थिकी भी चरमरा गई है। खैरना बाजार के सब्जी कारोबारी दुर्गा सिंह बिष्ट ने बताया की सब्जियों की पैदावार प्रभावित होने से बाजार भी प्रभावित हुआ है। पूर्व ग्राम प्रधान शेखर दानी, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, गजेंद्र सिंह, मनीष तिवारी, फिरोज अहमद, गोविन्द सिंह नेगी, पंकज नेगी आदि ने किसानों को क्षति का मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई है।




