🔳 जगह जगह भरे पड़े कूड़ेदानों से उठाया गया कूड़ा
🔳 अव्यवस्था पर पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने उठाए थे सवाल
🔳 कूड़ा निस्तारण न होने से भरे पड़े थे कूड़ेदान
🔳 तीखी नजर ने भी प्रमुखता से उठाया मुद्दा
🔳 कूड़ा वाहन में अकेले चालक के भरोसे निस्तारण व्यवस्था पर अफसरों की कार्यप्रणाली पर जताई हैरानी
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में स्वच्छ भारत अभियान के तहत कूड़ेदान स्थापित किए जाने पर कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था न होने का मामला तूल पकड़ने के बाद ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट से आखिरकार कूड़ा वाहन गांवों में पहुंचा। वाहन में अकेले चालक को देख लोगों ने नाराजगी जताई। आरोप लगाया की कूड़ा वाहन चालक अकेले ही कूड़ेदान से कूड़ा भी उठा रहा है तथा वाहन भी चलाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने व्यवस्था में सुधार किए जाने की मांग उठाई।
स्वच्छ भारत अभियान के तहत पिछली पंचवर्षीय योजना में बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में ग्रामीणों को सूखे व गीले कूड़े के लिए कूड़ेदान वितरित किए गए। सार्वजनिक स्थान पर बड़े कूड़ेदान लगाकर ग्रामीणों से कूड़ा एकत्र करने की अपील की गई। प्रत्येक पंचायत में कूड़ेदान बांट बकायदा जागरुकता अभियान भी चलाया गया। अभियान में कूड़ेदान खरीद व जागरुकता अभियानों में मोटा बजट भी खर्च किया गया। उम्मीद थी की गांवों से कूड़ा निस्तारण हो सकेगा पर उम्मीद धरी की धरी रह गई। सीम, सिल्टोना, ब्यासी, नौडा, देवलीखेत, गजार, फल्याडी़, गरजोली आदि गांवों के पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने मामले को जोर-शोर से उठा कूड़ा निस्तारण की मांग उठाई। तीखी नजर समाचार पोर्टल ने जनहित से जुड़े मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया। बुधवार को ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट से कूड़ा वाहन गांवों में पहुंचा। सिल्टोना – नौडा – ब्यासी मोटर मार्ग से जगह जगह कूड़ा एकत्र किया गया। क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि विजय कुमार, अजय बधानी, राजेंद्र सिंह, आन सिंह, जितेन्द्र सिंह बिष्ट, दीपक कुमार, सुरज जलाल समेत तमाम ग्रामीणों ने कूड़ा वाहन में अकेले चालक के होने पर नाराजगी जताई। विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। ग्रामीणों के अनुसार चालक के साथ अतिरिक्त कर्मी भी होना चाहिए ताकि कूड़ा एकत्रिकरण कार्य आसानी हो सके। ग्रामीणों ने समय समय पर कूड़ा निस्तारण किए जाने पर भी जोर दिया।




