🔳 सुधारीकरण के लिए मिला है 30 करोड़ रुपये का बजट
🔳 कार्य समाप्ति की तय समय सीमा भी बीती
🔳 जान जोखिम में डाल आवाजाही बन चुकी नियति
🔳 हाईवे की बदहाली से व्यापारियों का चढ़ा पारा
🔳 हाईवे को बताया बजट ठिकाने लगाने का जरिया
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे की मरम्मत को मिले तीस करोड़ रुपये के भारी भरकम बजट से भी हालातों में सुधार नहीं हो सका है। हद तो यह है की एनएच विभाग दिल्ली की कार्यदाई कंपनी को लगभग 27 करोड़ रुपये का भुगतान तक कर चुका है बावजूद आवाजाही करने वाले यात्री व पर्यटक खस्ताहाल हाईवे पर आवाजाही को मजबूर हैं। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े पदाधिकारियों व सदस्यों ने हाईवे की बदहाली पर गहरी नाराजगी जताई है।
कुमाऊं के महत्वपूर्ण अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे की मरम्मत व डामरीकरण के लिए करीब दो वर्ष पूर्व केंद्रीय सड़क व भूतल मंत्रालय ने तीस करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट को हरी झंडी दी। उम्मीद थी की हाईवे पर सुगम व सुरक्षित आवाजाही का लाभ मिल सकेगा पर कार्य समाप्ति का तय समय बीतने तथा कार्यदाई कंपनी को 27 करोड़ रुपये का भुगतान भी हो जाने के बावजूद यात्रियों व पर्यटकों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हाईवे पर चमड़ियां, दोपांखी, भोर्या बैंड, जौरासी, कैंची, पाडली समेत तमाम स्थानों पर हाईवे बदहाली का दंश झेल रहा है। हाईवे की खस्ताहालत से आवाजाही करने वाले लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, गजेंद्र सिंह नेगी, गोविंद सिंह, कुलदीप सिंह, कुबेर सिंह जीना, संजय सिंह, मनोज बिष्ट ने भारी-भरकम बजट खर्च होने के बावजूद हाईवे की स्थिति पर रोष जताया है। आरोप लगाया की अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे महज सरकारी बजट ठिकाने लगाने का जरिया बन चुका है। दो टूक चेताया है यदि जल्द हाईवे को दुरुस्त नहीं किया गया तो फिर व्यापारी सड़क पर उतरने को मजबूर हो जाएंगे। एनएच के सहायक अभियंता आरसी पांडे के अनुसार बरसात के बाद छूटे हुए कार्य प्राथमिकता से पूरे कराए जाएंगे। मौजूद अनूकूल होते ही डामरीकरण कार्य भी किया जाएगा।

error: Content is protected !!