🔳 पांच बकरियां व एक बकरा करवाया गया उपलब्ध
🔳 एसबीआई फाउंडेशन के सहयोग से संजीवनी संस्था ने बढ़ाए कदम
🔳 विभिन्न गांवों के सौ जरुरतमंद परिवारों को किया गया लाभान्वित
🔳 बकरियों का बीमा व दवाईयां भी कराई जाएगी उपलब्ध
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
गांव की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में संजीवनी विकास व जनकल्याण समिति के तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में सौ परिवारों को बकरियां उपलब्ध कराई गई। संस्था सदस्यों ने बकरियों का बीमा कराने के साथ ही दवाइयां उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। बकरीपालन के विषय पर अहम जानकारियां भी दी गई।
बुधवार को बेतालघाट ब्लॉक के मल्ला व तल्ला गांव, जावा, रोपा सोपाटी, तल्ली सेठी गांव में महिला सशक्तिकरण व स्वरोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एसबीआई सशक्ति परियोजना के तहत संजीवनी विकास व जनकल्याण समिति की देखरेख में हुए कार्यक्रम में एससी, ओबीसी , बीपीएल व विधवा तथा दिव्यांग महिलाओं को पांच बकरी व एक बकरा उपलब्ध कराया गया। पशुपालन विभाग के सहयोग से दवाई तथा बकरियों का बीमा भी करवाया जाएगा। बकरीपालन के लिए बकरियां उपलब्ध कराए जाने पर महिलाओं ने संस्था का आभार व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा की पूर्व में कई परिवारों को मुर्गी पालन के लिए मुर्गियां भी उपलब्ध कराई जा चुकी है। इस दौरान संजीवनी संस्था अध्यक्ष महेश घुघतियाल, परियोजना निदेशक अभिजीत, परियोजना प्रबंधक संतोष जोशी, विनोद सिंह, राजीव कांडपाल, नीलम रावत, कल्पना रावत, आरती आदि मौजूद रहे।




