🔳 केएमवीएन के प्रबंध निदेशक को लिखा नाराजगी भरा पत्र
🔳 सरकारी बजट खर्च होने के बाद संचालन न किए जाने को बताया निंदनीय
🔳 तत्काल संचालन शुरु करने व प्रस्तावित पैट्रोल पंप की स्थिति भी स्पष्ट करने के निर्देश
🔳 भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद के समक्ष उठाया था मुद्दा
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित गरमपानी क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित कैफे व पार्किंग संचालित न होने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अजय भट्ट ने सख्त रुख अपना लिया है। कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक को पत्र भेज तत्काल संचालन शुरु करने व समीप ही बनने वाले पैट्रोल पंप की स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं। भारी भरकम बजट से बने पार्किंग व कैफे के बावजूद संचालित न होने पर नाराजगी जताई है।
गरमपानी क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से पार्किंग व कैफे बनकर तैयार हो चुका है। डीएम वंदना सिंह के निर्देश पर टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद संचालन का जिम्मा भी एक ठेकेदार को सौंपा जा चुका है पर लंबा समय बीतने के बाद भी अब तक संचालन शुरु नहीं हो सका है। बीते दिनों पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अजय भट्ट के खैरना पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मामले को जोर-शोर से उठाया तथा कैफे व पार्किंग का संचालन शुरु करवाए जाने की मांग उठाई। मामले का संज्ञान ले पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद ने केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनित तोमर को पत्र भेज कहा है की पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही क्षेत्र में जाम की समस्या खत्म करने को पार्किंग का निर्माण किए जाने के बावजूद संचालन न होना निंदनीय है। सांसद ने सरकारी बजट खर्च होने व निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद संचालन शुरु न होने पर गहरी नाराजगी जताई है। प्रबंध निदेशक से तत्काल संचालन शुरु करवाने तथा समीप ही बनने वाले पैट्रोल पंप की स्थिति की जानकारी भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। कैफे व पार्किंग का संचालन न होने से स्थानीय लोगों में भी गहरा रोष व्याप्त है।




