🔳 आंगनबाड़ी केंद्र टूनाकोट की छत होती जा रही खस्ताहाल
🔳 बारिश में दोगुना बढ़ जा रहा अनहोनी का खतरा
🔳 राजकीय प्राथमिक विद्यालय के भवन में संचालित है केंद्र
🔳 मासूमों की सुरक्षा को ठोस कदम उठाए जाने की उठी मांग
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
बारिश तेज होने के साथ ही राजकीय प्राथमिक विद्यालय टूनाकोट के परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र के मासूमों की जिंदगी पर खतरा बढ़ जा रहा है। कक्षा कक्ष की दरक रही छत बड़ी अनहोनी की ओर इशारा कर रही है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। क्षेत्रवासियों ने मासूमों की सुरक्षा को ठोस कदम उठाए जाने की मांग उठाई है। बाल विकास अधिकारी शोभा सिंह के अनुसार बारिश के दौरान केंद्र को सुरक्षित स्थान पर संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
भुजान – रिची मोटर मार्ग पर टूनाकोट गांव के छोटे छोटे नौनिहाल राजकीय प्राथमिक विद्यालय के भवन में बने कक्षा कक्ष में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में प्राथमिक शिक्षा का कहकहा सिखने पहुंचते हैं। कक्षा कक्ष की दरक रही छत से मासूमों की जिंदगी पर खतरा बढ़ता ही जा रहा है। बारिश होने पर जोखिम कई गुना बढ़ जाता है। हालत इतनी खराब हो चुकी है की अब जर्जर छत की सरिया तक बाहर आ चुकी है। कभी भी छत के धराशाही होने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार छत की मरम्मत किए जाने की मांग उठाए जाने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही ओर जोखिम बढ़ता ही जा रहा है। भाजपा मंडल के पूर्व महामंत्री सुनील मेहरा ने विभागीय अधिकारियों के सुध न लेने पर गहरा रोष व्यक्त किया है। जल्द बच्चों की सुरक्षा को ठोस कदम उठाए जाने की मांग उठाई है। जीपीएस टूनाकोट की प्रधानाचार्य प्रणिता साह के अनुसार विद्यालय भवन व छत की मरम्मत का प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेजा जा चुका है। बजट उपलब्ध होते ही कार्य शुरु करवाया जाएगा।




