🔳 प्राकृतिक जल स्रोत को बचाने की उठाई मांग मांग
🔳 गांव में पेयजल संकट गहराने का जताया अंदेशा
🔳 अनदेखी पर बाइपास निर्माण कार्य रोकने की चेतावनी
🔳 लोनिवि के मुख्य अभियंता को भेजा हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर जाम से निजात दिलाने को निर्माणाधीन बाइपास में चक बिसोत क्षेत्र में प्राकृतिक जल स्रोत के चपेट में आने से गांवों के लोगों की चिंता बढ़ गई है‌। ग्रामीणों ने प्राकृतिक जल को सुरक्षित किए जाने की मांग उठाई है। अंदेशा जताया है की यदि जल स्रोत को नुकसान पहुंचा तो करीब तीन दर्जन से अधिक परिवारों को पेयजल संकट से जूझना पड़ेगा। लोनिवि के मुख्य अभियंता को ज्ञापन भेज जल स्रोत को बचाने की गुहार लगाई है।
हाईवे पर कैंची क्षेत्र में श्रद्धालुओं के उमड़ने व वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की समस्या बनी रहती है। जाम की समस्या को खत्म करने के लिए इन दिनों सैनिटोरियम – रातीघाट – पाडली बाइपास का कार्य गतिमान में है। पहले चरण में सड़क कटान का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। बाइपास निर्माण से जहां जाम की समस्या खत्म होने की उम्मीद लगाई जा रही है वहीं चक बिसोत गांव के ग्रामीणों के लिए बाइपास चिंता का सबब बन गया है। ग्रामीणों के अनुसार बाइपास के लिए हुए सर्वे में गांव के समीप स्थित वर्षों पुराना प्राकृतिक जल स्रोत भी चपेट में आ रहा है। प्राकृतिक जल स्रोत पर गांव के करीब तीन दर्जन से अधिक परिवार निर्भर है। अंदेशा जताया है की यदि बाइपास निर्माण से प्राकृतिक जल स्रोत को नुकसान होने से गांव में पेयजल संकट गहराने से लोगों को पलायन करने को मजबूर होना पड़ेगा। गांव के लोगों ने प्राकृतिक जल को सुरक्षित करने के लिए लोनिवि के मुख्य अभियंता को ज्ञापन भेज स्रोत को बचाने की गुहार लगाई है। चेतावनी भी दी है की यदि गांव के एकमात्र प्राकृतिक जल स्रोत को नुकसान पहुंचा तो ग्रामीण बाइपास निर्माण का कार्य भी आगे नहीं बढ़ने देंगे। स्थानीय गोविंद सिंह, जगदीश नेगी, दिलिप सिंह, जीवन नेगी, राहुल सिंह, मनोज नेगी, हेमा देवी, गंगा देवी, हेमंती नेगी ने एक स्वर में स्रोत को बचाने की पुरजोर मांग उठाई है। लोनिवि के सहायक अभियंता प्रकाश चंद्र उप्रेती के अनुसार बाइपास निर्माण के कार्य में जल स्रोत को बचाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। गांव के महत्वपूर्ण प्राकृतिक जल स्रोत को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।

error: Content is protected !!