🔳 तबीयत बिगड़ने पर स्वजन अस्पताल लेकर पहुंचे
🔳 अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम
🔳 मृतका के भाई व पिता ने ससुराल वालों पर लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप
🔳 हंगामा बढ़ने पर अस्पताल प्रबंधन को बुलानी पड़ी पुलिस
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

रामगढ़ ब्लॉक के जौरासी गांव निवासी विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर स्वजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से हड़कंप मच गया। अस्पताल में महिला के मायके पक्ष से पहुंचे लोगों ने ससुराल पक्ष पर लापरवाही का आरोप लगाया। मामले में कार्रवाई की मांग उठाई। हंगामें की सूचना पर अस्पताल प्रबंधन ने चौकी पुलिस खैरना को भी सूचना भेज दी है। स्वजनों के अनुसार मृतका दिन में अस्पताल से उपचार कराने के बाद घर लौटी थी।
गुरुवार को अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे जौरासी गांव निवासी हेमा देवी (32) पत्नी प्रकाश चंद्र सीएचसी गरमपानी में सर्दी ज़ुकाम व कमजोरी की शिकायत लेकर पहुंची। उपचार के बाद वह वापस गांव लौट गई। शाम को एकाएक उसकी तबीयत बिगड़ गई। आनन फानन में जेठ यशपाल व स्वजन उसे लेकर अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर धारानौला, अल्मोड़ा निवासी मृतका के पिता नारायण राम व भाई हरगोविंद भी अस्पताल पहुंच गए। पिता व भाई ने ससुराल वालों पर बेटी के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। कहा की समय पर उपचार उपलब्ध करवाया जाता तो शायद उनकी बेटी की जान बच जाती। अस्पताल में हंगामा बढ़ने पर प्रबंधन ने खैरना चौकी पुलिस को भी सूचना भेजी। मृतका का एक वर्ष पूर्व ही विवाह हुआ था उसका साथ महीने का एक बेटा है। घटना से स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसर गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरु कर दी है। सीएचसी की चिकित्सक डा. अभिलाषा पांडे के अनुसार अस्पताल पहुंचने तक महिला की मौत हो चुकी थी। मुंह से पानी भी निकल रहा था। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के असल कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस को सूचना भेज दी गई है।

error: Content is protected !!