🔳 सप्ताह भर से बंद पड़ा था भुजान – मलौना – पोखरी मोटर मार्ग
🔳 सिर पर सब्जियां रख पांच किमी पैदल दूरी नाप रहे थे किसान
🔳 जगह जगह मलबे के ढेर से जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर खड़े हुए सवाल
🔳 तीखी नजर समाचार पोर्टल ने प्रमुखता से उठाया मुद्दा
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे से सटे सब्जी उत्पादक तमाम गांवों को जोड़ने वाले मोटर मार्ग के सप्ताह भर बाद खुलने से किसानों व गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली है। जनहित से जुड़े मामले को पुरजोर ढंग से उठाने पर तीखी नजर समाचार पोर्टल का भी आभार व्यक्त किया है।
दरअसल स्टेट हाईवे से सटे ताड़ीखेत ब्लॉक के मलौना, पोखरी, ज्याडी, डीना समेत आसपास के तमाम गांव सब्जी उत्पादक बेल्ट के नाम से विख्यात है। यहां फूलगोभी, शिमला मिर्च, टमाटर, आदि की बंपर पैदावार होती है पर जिम्मेदार गांव की अनदेखी पर आमादा है। सप्ताह भर से गांवों को जोड़ने वाला जगह जगह मलबा गिरने से बंद था पर विभागीय अधिकारियों की कुंभकरणीय नींद नहीं टूटी। खामियाजा गांवों के किसानों को भुगतना पड़ा। गांवो से सब्जियां सिर पर रखकर पांच किमी दूरी पैदल नापने के बाद स्टेट हाईवे तक पहुंचाई जा रही थी। रविवार के अंक में तीखी नजर समाचार पोर्टल पर मामले को जोर-शोर से उठाया तथा किसानों व ग्रामीणों की दिक्कतों की ओर ध्यान खिंचा। सोमवार को हरकत में आए पीएमजीएसवाई के अधिकारियों ने सुबह तकरीबन नौ बजे के आसपास जगह जगह गिरे मलबे को जेसीबी मशीन से हटवाकर मोटर मार्ग पर यातायात सुचारु करवा दिया। जनहित से जुड़े मामले को पुरजोर ढंग से उठाने व समस्या का समाधान करवाए जाने पर स्थानीय प्रताप सिंह गौणी, अनिल सिंह, महेश सिंह, नरेंद्र सिंह, दिलिप सिंह, गोपाल सिंह, चंदन सिंह, रोहित गौणी, देवेंद्र सिंह आदि तीखी नजर समाचार पोर्टल का आभार व्यक्त किया है।




