🔳 लोनिवि ने तैयार किया 33 करोड़ रुपये का प्रस्ताव
🔳 टीएचडीसी व आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञों की ली गई मदद
🔳 रॉक एंड बोल्ट तकनीक से होगा पहाड़ी को स्थिर करने का कार्य
🔳 केन्द्र की विशेष टीम का निरीक्षण भी प्रस्तावित
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]

ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट व कारगिल शहीद बलवंत सिंह मेहरा के गांव को जोड़ने वाले बर्धो भुजान मोटर मार्ग पर खतरनाक रुप ले चुकी काली पहाड़ी के उपचार को हाईटेक तकनीक का इस्तेमाल होगा। लोक निर्माण विभाग ने आईआईटी रुड़की व टीएचडीसी के विशेषज्ञों की मदद से बकायदा इसके लिए तैंतीस करोड़ का प्रस्ताव भी तैयार कर लिया है।विभागीय अधिकारियों के अनुसार जल्द ही केंद्रीय के विशेष टीम पहाड़ी के हालातों का जायजा लेगी। बजट की स्वीकृति के साथ ही कार्य शुरु किया जाएगा।
बर्धो – भुजान मोटर मार्ग पर काली पहाड़ी खतरनाक रुप ले चुकी है। लगातार गिरते मलबे से अनहोनी का अंदेशा बना रहता है। तमाम गांवों के लोग जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हैं। लगातार संकट बढ़ने पर अब लोनिवि ने हाईटेक तकनीक से पहाड़ी से खतरा टालने की रणनीति तैयार कर ली है। आईआईटी रुड़की व टीएचडीसी के विशेषज्ञों की मदद से कई दौर के सर्वे के बाद रॉक एंड बोल्ट तकनीक से पहाड़ी पर सुरक्षात्मक कार्य करवाए जाएंगे। नैट लगाकर पहाड़ी को स्थिर किए जाने का प्रावधान भी रखा गया है। पहाड़ी की बुनियाद व मोटर मार्ग पर मजबूत सुरक्षा दीवार का निर्माण भी किया जाएगा। अवर अभियंता जुबेर आलम ने बताया की प्रारम्भिक चरण में पहाड़ी से गिरताऊ हालत में पहुंच चुके मलबे को हटवाया जाएगा। दूसरे चरण में पहाड़ी के उपरी हिस्से पर सुरक्षा कार्य शुरु कराए जाएंगे। हाईटेक तकनीक की मदद से पहाडी को बोल्ट की मदद से कसा जाएगा। सभी कार्यों के लिए लगभग 33 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पहाड़ी पर बरसाती पानी की निकासी को भी बेहतर प्रबंध किए जाएंगे। खास बात यह है की कुछ ही दिन में केंद्र से पहुंचने वाले अधिकारियों की टीम भी खस्ताहाल पहाड़ी का जायजा लेगी। लोनिवि के अधिशासी अभियंता हीरा सिंह बिष्ट के अनुसार प्रस्ताव तैयार शासन को भेजा जा चुका है‌ जल्द स्वीकृति की उम्मीद है। हाईटेक तकनीक के इस्तेमाल से निश्चित रुप से पहाड़ी से खतरा टल सकेगा।

error: Content is protected !!