🔳 घटना से मचा हड़कंप, पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ टीम खोजबीन में जुटी
🔳 खैरना बाजार से लौट रहा था गांव की ओर, गधेरे में खो दिया संतुलन
🔳 साथी उपर ही अटका, ग्रामीणों ने बामुश्किल बचाया
🔳 घटना से गांवों में मचा हड़कंप, तमाम गांवों से पहुंचे लोग
[[[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]

रातीघाट बेतालघाट मोटर मार्ग पर डोलकोट क्षेत्र में बरसाती नाले को पार कर रहा बाइक सवार मय बाइक बह गया। बाइक सवार के तेज बहाव की जद में आने से हड़कंप मच गया। आसपास के गांवों से पहुंचे लोग भी खोजबीन में जुटे गए। सूचना पर पहुंची पुलिस प्रशासन व एसडीआरएफ की टीम ने भी अभियान चलाया। अंधेरा होने व पानी का बहाव तेज होने से सर्च अभियान में तमाम मुश्किलें सामने आ रही है।
बेतालघाट ब्लॉक के गैरखाल निवासी देवेंद्र सिंह (40) वन विभाग में तैनात हैं। बुधवार को शाम के समय वह खैरना बाजार क्षेत्र से साथी युवक को लेकर बाइक से घर की ओर रवाना हुआ। देवेंद्र रातीघाट बेतालघाट मोटर मार्ग पर डोलकोट क्षेत्र में बहने वाली बरसाती गधेरे को पार करने की कोशिश कर रहा था की तभी वह असंतुलित होकर बाइक समेत गधेरे के तेज बहाव में बह गया जबकि दूसरा युवक उपर ही अटक गया। युवक की चीख पुकार सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा युवक को बाहर निकाला गया जबकि तेज बहाव में बह चुके देवेंद्र की तलाश शुरु की। एकाएक हुई घटना से पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। आसपास के गांवों से पहुंचे भीम सिंह, महेश, नंदन सिंह, चंदन सिंह, महेंद्र, अनिल सिंह, नीरज, राहुल, किसन, जगदीश आदि ने भी देवेंद्र की तलाश शुरु की पर कुछ पता नहीं चल सका। सूचना पर श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन, बेतालघाट पुलिस व एसडीआरएफ छड़ा इकाई की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। दूर दूर तक देवेंद्र की तलाश की गई। अंधेरा होने व बरसाती गधेरे का बहाव तेज होने से युवक का कुछ पता नहीं चल सका है। फिलहाल सर्च अभियान जारी है।

सोए रहे अफसर, खतरा दिनों-दिन बढ़ता ही गया

बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय समेत तमाम गांवों को जोड़ने वाले रातीघाट बेतालघाट मोटर मार्ग पर डोलकोट क्षेत्र में बहने वाला बरसाती गधेरा खतरे का सबब बना हुआ है बावजूद लोनिवि के अधिकारी अनदेखी पर आमादा है। कई बार सुरक्षा उपाय की मांग भी उठ चुकी है पर ध्यान नहीं दिया गया। बुधवार को डोलकोट स्थित बरसाती गधेरे में बड़ी घटना सामने आ गई। लंबे समय से खतरा बढ़ने के बावजूद लोनिवि के अफसरों के ध्यान न दिए जाने से स्थानीय लोगों ने गहरा रोष जताया। आरोप लगाया की गांवो के लोग जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हैं पर अफसरों की कुम्भकरणी नींद नहीं टूट रही। क्षेत्रवासियों ने बुधवार को हुई घटना के लिए लोनिवि को जिम्मेदार ठहराया है।

error: Content is protected !!