🔳 जगह जगह भूस्खलन से गिरा मलबा व पत्थर
🔳 दोनों ओर फंसे रहे सैकड़ों वाहन, यात्री रहे परेशान
🔳 खतरनाक पहाड़ी के नीचे वाहनों की कतार से बनी रही दहशत
🔳 जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर सुचारु किया जा सका यातायात
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे तथा रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे पर मलबा हटाने को जगह जगह लोडर मशीने जुटी रही। घंटों की मशक्कत के बाद हाईवे पर बामुश्किल दो बजे के आसपास यातायात सुचारु हुआ। मलबा व पत्थरों के गिरने से हाईवे पर सैकड़ों वाहन फंसे रहे। यातायात सुचारु होने के बाद जाम में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली। श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन की टीम भी हाईवे पर डटी रही
आसमान से बरस रही आफत से जहां जनजीवन प्रभावित रहा वहीं अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे तथा खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे पर जगह जगह कमजोर पहाड़ियों के दरकने से रफ्तार पर ब्रेक लगा रहा। हाईवे पर अतिसंवेदनशील लोहाली, दोपांखी, जौरासी, काकड़ीघाट, चमड़ियां समेत तमाम स्थानों पर पहाड़ी से मलबा व भारी भरकम पत्थरों के गिरने से आवाजाही ठप हो गई। यातायात ठप होने से जहां तहां सैकड़ों वाहन फंस गए। मूसलाधार बारिश से दहशत कई गुना बढ़ गई। यात्री वाहनों से निकलकर सुरक्षित स्थान पर खड़े हो गए। सूचना पर श्री कैंची धाम तहसील के राजस्व निरीक्षक नरेश असवाल ने एक एक कर सभी स्थानों पर लोडर मशीन रवाना की। मशीनों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद बामुश्किल दोपहर दो बजे के आसपास हाईवे पर यातायात सुचारु हो सका हालांकि पहाड़ियों से रुक रुक कर पत्थर गिरने का सिलसिला जारी रहा। खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे पर भी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य गतिमान रहा। सुबह से शाम तक स्टेट हाईवे कई बार बंद हुआ और कई बार खोला गया। कनवाडी की पहाड़ी के लगातार दरकने से स्टेट हाईवे पर भी आवाजाही खतरनाक हो गई है।




