🔳 दर्जनों गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप रहने से उपभोक्ता परेशान
🔳 गरमपानी खैरना बाजार में तीन दिन से पीने के पानी को हाहाकार
🔳 हाईवे पर स्थित नैनीपुल व आसपास मोबाइल से नेटवर्क भी गायब
🔳 व्यवस्थाएं चरमराने से क्षेत्रवासी परेशान
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
दो दिनों से लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो चुका। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे तमाम गांवों में तीस घंटे से भी अधिक समय तक विद्युत आपूर्ति ठप रही जबकि गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में पिछले दो दिनों से नलों से पानी की बूंद तक नहीं टपकी है। रामगढ़ ब्लॉक के सिरसा व नैनीपुल क्षेत्र में नेटवर्क न होने से मोबाइल भी खिलौने बन गए हैं।
मूसलाधार बारिश से जहां सड़कों पर आवाजाही पर ब्रेक लग गया है वहीं अव्यवस्था भी हावी हो गई है। बीते सोमवार सुबह 11 बजे से मटिकीना, सिरसा, नैनीपुल, कूल, चोपड़ा, बिरखन, चौनीखे समेत तमाम गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। मंगलवार को भी ग्रामीण विद्युत आपूर्ति सुचारु होने की उम्मीद लगाए बैठे रहे पर मंगलवार को तीस घंटे बीतने के बावजूद भी आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। आपूर्ति बाधित रहने से सैकड़ों उपभोक्ताओं को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा जबकि नेटवर्क न होने से मोबाइल भी खिलौने बने रहे। पूर्व ग्राम प्रधान इंदू जीना ने घंटों बाद भी व्यवस्थाओं में सुधार न होने पर गहरी नाराजगी जताई। गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में पिछले 48 घंटों से पेयजल आपूर्ति ठप है। पीने के पानी के लिए स्थानीय लोग बारिश के बीच हैंडपंप से पानी ढोने को मजबूर हैं। बारिश होते ही सबसे पहले पेयजल आपूर्ति ठप होने से लोगों में गहरा रोष भी व्याप्त है आरोप लगाया की लंबे समय से यहीं समस्या सामने आ रही है पर स्थाई समाधान नहीं किया जा रहा। क्षेत्रवासियों ने पेयजल आपूर्ति सुचारु करने की पुरजोर मांग उठाई है।




