🔳 मूसलाधार बारिश के बीच हाईवे के बीचोंबीच गहरी हुई दरारें
🔳 पहले भी विद्यालय परिसर में जगह जगह सामने आ चुकी है दरारें
🔳 एसडीएम ने मामले को गंभीरता से एनएच के ईई से साधा संपर्क
🔳 क्षेत्रवासियों ने भी खतरा टालने की उठाई मांग
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट (सुयालबाड़ी ) के ठिक नीचे हाईवे पर दरारें गहराने से परिसर पर ख़तरे का अंदेशा बढ़ गया है। मूसलाधार बारिश के बीच एकाएक दरारें सामने आने से स्थानीय लोग भी सख्ते में आ गए हैं। विद्यालय परिसर पर मंडराए खतरे को टालने की भी पुरजोर मांग उठी है। श्री कैंची धाम तहसील की एसडीएम मोनिका के अनुसार निरीक्षण कर एनएच विभाग से संपर्क साध खतरा टालने को ठोस उपाय किए जाने के निर्देश दिए जाएंगे।
लगातार बारिश से अब मुसीबतें भी बढ़ने लगी है। मंगलवार को तेज बारिश के बीच एकाएक जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट सुयालबाड़ी के ठिक नीचे से होकर निकलने वाला हाईवे दरक गया। हाईवे के बीचोंबीच दरारें गहराने से हड़कंप मच गया। विद्यालय परिसर के ठिक नीचे दरारें गहराने का मामला सामने आने से आसपास के गांवों से भी लोग मौके पर पहुंचे। दरारों से भविष्य में विद्यालय परिसर के भी खतरे की जद में आने का अंदेशा जताया गया। पूर्व में वर्ष 2010 की आपदा के दौरान भी विद्यालय परिसर में जगह जगह दरारें गहराने का मामला सामने आ चुका है। अब एक बार फिर विद्यालय परिसर के ठिक नीचे दरारें चौड़ी होने से लोगों ने समय रहते सुध न लिए जाने पर भविष्य में खतरा बढ़ने का अंदेशा जताया। क्षेत्रवासियों के अनुसार हाईवे पर धंसाव बढ़ना भविष्य में विद्यालय परिसर के लिए भी खतरा बन सकता है। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति अध्यक्ष मनीष तिवारी, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, गजेंद्र सिंह, कुबेर सिंह जीना, मदन मोहन सुयाल, गोविंद नेगी, मनोज बिष्ट, अंकित सुयाल, फिरोज अहमद, कमल गौणी आदि ने तत्काल खतरा टालने को रणनीति तैयार किए जाने की मांग उठाई है। उपजिलाधिकारी मोनिका ने बताया की एनएच के ईई से संपर्क साध लिया गया है। रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा धंसाव रोकने को ठोस उपाय किए जाने को कहा गया है।




