🔳 हाईवे से सटे गडस्यारी गांव का मामला
🔳 खतरे की जद में आया पूरा मकान, बढ़ते ही जा रही सीलन
🔳 अनहोनी के अंदेशे से परिवार के सदस्यों की रात की नींद भी उड़ी
🔳 भवन स्वामी व स्थानीय लोगो ने खतरा टालने की उठाई मांग
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे गडस्यारी गांव में स्थानीय ग्रामीण के घर के नीचे जमीन से पानी बाहर आने से हड़कंप मच गया। ग्रामीण का परिवार भी दहशत में आ गया है। आसमान से बरस रही आफत के बीच अब घर के नीचे हिस्से से भारी मात्रा में जमीन से पानी बाहर आने से आवासीय मकान के ध्वस्त होने का खतरा भी बढ़ गया है। परिवार के सदस्यों व ग्रामीणों ने मामले में ठोस कदम उठाए जाने की मांग शासन प्रशासन से की है।
हाईवे से सटे ताड़ीखेत ब्लॉक के गडस्यारी गांव निवासी नारायण सिंह का परिवार इन दिनों दहशत में दिन बीताने को मजबूर हो चुका है। अनहोनी के अंदेशे से परिवार के सदस्यों की रातों की नींद भी उड़ गई है। नारायण सिंह के मकान के निचले तल पर बने गौशाला से जमीन के अंदर से लगातार पानी बाहर आने से परिवार के सदस्य सख्ते में है। पहले मामली बात समझकर परिवार के सदस्यों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया पर अब लगातार पानी के बाहर आने व पूरे घर में सीलन बढ़ने से स्वजन सख्ते में है। बारिश तेज होने से पानी का बहाव भी तेज हो जा रहा है जिस कारण पूरे मकान पर खतरा बढ़ गया है। नारायण सिंह अपने परिवार के साथ सदस्यों के साथ घर पर रहते हैं जिसमें दो मासूम भी है। ऐसे में सभी की जिंदगी पर खतरा बना हुआ है। नारायण सिंह के अनुसार पिछले एक महीने से जमीन के अंदर से पानी का रिसाव बढ़ता ही जा रहा है। पूरे मकान पर खतरा बढ़ गया है। मकान के अंदर रहने में भी खतरा महसूस होने लगा है। स्थानीय लोगों ने भी समस्या का समाधान किए जाने की मांग उठाई है। समय रहते सुध न लिए जाने पर अनहोनी का अंदेशा जताया है।




