🔳 क्रश बैरियर स्थापित करने के दौरान ध्वस्त हुई सुरक्षा दीवारें
🔳 मामला जोर-शोर से उठने के बाद हरकत में आया लोनिवि
🔳 अधिशासी अभियंता ने दिए पुनर्निर्माण के निर्देश
🔳 लापरवाही कतई बर्दाश्त न करने की दी चेतावनी
🔳 दीवारें ध्वस्त होने से सड़क के अस्तित्व पर भी मंडराया संकट
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]

शहीद बलवंत सिंह बर्धो भुजान मोटर मार्ग पर चार करोड़ रुपये के बजट से क्रश बैरियर स्थापित किए जाने के कार्य के दौरान सुरक्षा दीवारों के ध्वस्त होने का मामला तूल पकड़ने के बाद अब लोक निर्माण विभाग के अफसर हरकत में आ गए हैं। भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के मामले को जोर शोर से उठाने के बाद लोनिवि के अधिशासी अभियंता ने कार्यदाई संस्था को सभी क्षतिग्रस्त दीवारों का निर्माण किए जाने के निर्देश दिए हैं। चेताया है की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय समेत बर्धो, रतौडा, नैनीचैक, तिवाड़ी गांव, आमबाडी समेत तमाम गांवों को जोड़ने वाले शहीद बलवंत सिंह मेहरा भुजान बर्धो मोटर मार्ग की हालत दिनों-दिन खस्ताहाल होती जा रही है। मरम्मत व सुधारीकरण के लिए शासन को भेजा गया प्रस्ताव भी अभी ठंडे बस्ते में है। मोटर मार्ग की हालत में सुधार के बजाय लगभग चार करोड़ रुपये की धनराशि से मोटर मार्ग पर क्रश बैरियर स्थापित करने का कार्य शुरु कर दिया गया। कार्यदाई संस्था के कर्मियों ने कार्य निपटाने व बजट ठिकाने लगाने के फेर में जगह जगह क्रश बैरियर लगाने में कई सुरक्षा दीवारें ही ध्वस्त कर डाली। ट्रैक्टर में लगी प्रेशर मशीन के जरिए जमीन के अंदर डाले जा रहे क्रश बैरियर से तमाम स्थानों पर खतरा टलने के बजाए बढ़ गया। स्थित बिगड़ती देख भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिलीप सिंह बोहरा ने सुरक्षा दीवारों के ध्वस्त होने से बढ़ रहे खतरे को भांप मामले को पुरजोर ढंग से उठाया तथा लोनिवि के अधिकारियों से संपर्क साध कड़ी नाराजगी जताई। मामले के सामने आने से लोनिवि के अधिशासी अभियंता हीरा सिंह बिष्ट ने भी मामले को गंभीरता से निरीक्षण के लिए मौके पर टीम भेजी। निरीक्षण रिपोर्ट मिलने के बाद अब कार्यदाई संस्था को क्षतिग्रस्त दीवारों के निर्माण को निर्देशित किया गया है। अधिशासी अभियंता के अनुसार ध्वस्त दीवारों का दोबारा निर्माण करवाया जाएगा। लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

error: Content is protected !!