🔳 कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर श्रदालुओं से जुटाई गई जानकारी
🔳 वर्षभर सर्वे के बाद तैयार की जाएगी विस्तृत रिपोर्ट
🔳 देश के अलग अलग राज्यों से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से ली जा रही जानकारी
🔳 ऑनलाइन डाटा किया जा रहा फिड
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
देश विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र कैंची धाम में धारण क्षमता व श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था शुरु करने के लिए मुख्य सर्वे का श्रीगणेश हो गया है। अर्थ व सांख्यिकी विभाग की विशेष टीम ने श्रद्धालुओं से तमाम बिंदुओं पर फिडबैक लिया। वर्ष भर तक सर्वे के बाद तैयार रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी। रिपोर्ट से मिलने वाली जानकारी के बाद ही धारण क्षमता की सटीक जानकारी उपलब्ध होगी तथा पंजीकरण व्यवस्था शुरु करने पर भी निर्णय लिया जाएगा।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैंची धाम स्थित बाबा नीब करौरी आश्रम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। देश विदेश से रोजाना हजारों श्रद्धालु बाबा के दर पर शीश झुकाने पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देख राज्य सरकार ने अब कैंची धाम की धारण क्षमता का आंकलन व श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण व्यवस्था शुरु करने का निर्णय लिया है ताकि व्यवस्था चाक चौबंद रखी जा सके साथ ही श्रद्धालुओं को भी किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े। सरकार से मिले निर्देशों के बाद बीते दिनों अर्थ व सांख्यिकी तथा पर्यटन विभाग की संयुक्त टीम ने कैंची धाम पहुंचकर पायलट सर्वे किया। विभागीय टीमों ने अलग राज्यों से कैंची धाम पहुंचे करीब बीस लोगों से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटाई। पायलट सर्वे के बाद अब मुख्य सर्वे का श्रीगणेश कर दिया गया है। जिला अर्थ व सांख्यिकी अधिकारी डा. मुकेश नेगी की अगुवाई में विभागीय टीम के सदस्यों ने मुख्य सर्वे में अलग अलग राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटाई। टीम ने कैंची क्षेत्र में साफ सफाई, सुरक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था, अनुभव, दर्शन में लगने वाले समय, वाहन व्यवस्था, श्रद्धालुओं की संख्या समेत कई बिंदुओं पर विस्तार से डाटा एकत्र किया। जिला अर्थ व सांख्यिकी अधिकारी डा. मुकेश नेगी के अनुसार सरकार से तय की गई गाइडलाइन के अनुसार ही श्रद्धालुओं से फिडबैक लिया जा रहा है। सप्ताह में छह दिन सर्वे किया जाएगा जो वर्ष भर तक चलेगा। रिपोर्ट तैयार किए जाने के बाद सरकार को भेजी जाएगी। इस दौरान इस दौरान सर्वे टीम के विनोद सिंह बिष्ट, चंद्रमोहन सिंह, पूजा मेहरा, दर्शन फर्त्याल, अभिषेक आदि मौजूद रहे।
।




