🔳 मोटर मार्ग की बदहाली से चढ़ा ग्रामीणों का पारा
🔳 नारेबाजी कर जताया रोष, उपेक्षा का लगाया आरोप
🔳 खस्ताहाल से जान जोखिम में डाल आवाजाही को हुए मजबूर
🔳 मरम्मत के नाम पर खर्च किया जा रहा बजट भी लगाया जा रहा ठिकाने
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]
रामगढ़ ब्लॉक के फल उत्पादक हरतोला गांव की बदहाल सड़क की सुध न लिए जाने से ग्रामीणों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। नाराज ग्रामीणों ने नारेबाजी कर रोष जताया। आरोप लगाया की विभागीय अधिकारी गांव की उपेक्षा पर आमादा है। कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद सुध नहीं ली जा रही। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द सड़क की हालत में सुधार नहीं किया गया तो चक्का जाम कर आवाजाही ठप कर दी जाएगी।
रामगढ़ ब्लॉक के फल उत्पादक हरतोला, ताड़ीखेत, हरि नगर, नथुवाखान समेत तमाम गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण हरतोला – लोहाली मोटर की खस्ताहालत पर रविवार को फल उत्पादक किसान व स्थानीय ग्रामीण सड़क पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। वक्ताओं ने कहा की लंबे समय से मोटर मार्ग बदहाली का दंश झेल रहा है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। कुछ समय पूर्व मोटर मार्ग पर भारी भरकम बजट से पेंचवर्क का कार्य भी किया गया पर घटिया कार्य कर सरकारी बजट की बंदरबांट कर दी गई। आरोप लगाया की मोटर मार्ग बजट ठिकाने लगाने का जरिया बन चुकी है। क्षेत्रवासियों की जिंदगी से खुला खिलवाड़ किया जा रहा है। गांव के लोग जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं। फल पट्टी होने के बावजूद जिम्मेदार लगातार उपेक्षा पर आमादा है। कई बार सड़क की हालत में सुधार की मांग उठाई जा चुकी है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने दो टूक चेतावनी दी की यदि जल्द मोटर मार्ग दुरुस्त नहीं किया गया तो फिर सड़क पर चक्का जाम कर आवाजाही ठप कर दी जाएगी। इस दौरान हरीश चंद्र, दयाल राम, रमेश चंद्र, प्रकाश चंद्र, यशपाल, लक्ष्मी प्रसाद, राजेंद्र, प्रकाश, रोहित कुमार, कृष्ण कुमार समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।




