🔳 जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हुए बागबान
🔳 जिम्मेदारों की अनदेखी का खामियाजा भुगत रहे स्थानीय लोग
🔳 कभी भी बड़ी अनहोनी सामने आने का अंदेशा
🔳 ध्वस्त सड़क, जलभराव, गड्डे बन चुके मुसीबत
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
फल सब्जी उत्पादक गांवों को जोड़ने वाले हरतोल लोहाली मोटर मार्ग की खस्ताहालत से गांवों के लोग परेशान है बावजूद जिम्मेदार अधिकारी सुध लेने की जहमत नहीं उठा रहे। मजबूरी में ग्रामीण जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हैं। ग्रामीण सड़कों पर सुरक्षित यातायात के दावे भी यहां खोखले साबित हो रहे हैं। चमड़ियां से लोहाली के बीच भी आवाजाही बेहद ख़तरनाक हो चुकी है।
फल उत्पादन के क्षेत्र में विशेष पहचान रखने वाले हरतोला गांव की सड़क अधिकारियों की अनदेखी का शिकार हो चुकी है। हरतोला गांव के सेब, आड़ू, पुलम व खुमानी की धमक दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, कानपुर जैसे बड़े शहरों तक है पर गांव की सड़क बदहाली का दंश झेल रही है। फल उत्पादन के कार्य से जुड़े किसान सड़क की दुर्दशा का खामियाजा भुगत रहे हैं। जगह जगह गड्डे, जलभराव व सुरक्षित यातायात के ठोस प्रबंध न होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। किसानों ने आरोप लगाया की कई बार मोटर मार्ग को दुरुस्त करने की मांग भी उठाई जा चुकी है बावजूद कोई सुध नहीं ली जा रही। चमड़ियां से लोहाली के बीच हालात विकट है। लगातार धंसाव बढ़ने से मोटर मार्ग कभी भी ध्वस्त हो सकता है पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। दुर्घटना का जोखिम भी दो गुना बढ़ गया। विभागीय अनदेखी से नाराज किसन कुमार, दिनेश चंद्र, धर्मपाल, खीमानंद, महेश चंद्र, पूरन चंद्र, ईश्वर चंद्र, गोपाल राम, नवीन चंद्र, दिनेश चंद्र, कमलेश कुमार आदि ने आरोप लगाया की अफसर अनदेखी पर आमादा है। यदि जल्द मोटर मार्ग की हालत में सुधार नहीं किया गया तो कभी भी बड़ी अनहोनी सामने आ सकती है। ग्रामीणों ने मोटर मार्ग की मरम्मत किए जाने की मांग उठाई है।




