🔳 हाईवे पर अतिसंवेदनशील दोपांखी क्षेत्र में हुई दुर्घटना
🔳 बाइक सवार की तेज रफ्तार बनी दुर्घटना का कारण
🔳 बाल बाल बची कार सवार यात्रियों व बाइक चालक की जिंदगी
🔳 दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर सुचारु किया गया यातायात
[[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर अतिसंवेदनशील दोपांखी क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक सवार विपरीत दिशा से आ रही कार से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी की बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही की बाइक सवार मामूली रुप से चोटिल हुआ। कार चालक ने भी समय रहते कार रोक ली और कार सवार यात्री भी बच गए। दुर्घटना से हाईवे पर आवाजाही ठप हो गई। पीआरडी जवानों ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारु करवाया।
गुरुवार को बेतालघाट ब्लॉक के जाख गांव निवासी मनोज सिंह बाइक यूके 04 पी 4720 से खैरना बाजार से वापस गांव की ओर रवाना हुआ। मनोज अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर दोपांखी क्षेत्र में पहुंचा ही था की आगे चल रहे वाहन से ओवरटेक करते समय वह हल्द्वानी से अल्मोड़ा की ओर जा रही कार यूके04टीए 6310 से जा टकराया। बाइक सवार के टकराते ही कार सवारों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। जोरदार टक्कर से बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई जबकि बाइक सवार मनोज मामूली रुप से चोटिल हुआ। दुर्घटना से हाईवे पर आवाजाही भी ठप हो गई। दोनों ओर छोटे बड़े वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर खैरना चौकी में तैनात पीआरडी जवान आंनद बल्लभ शास्त्री मय टीम मौके पर पहुंचे। दो दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारु करवाया साथ ही चोटील बाइक सवार को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी भेजा गया। कार में सवार लोगों व बाइक चालक की जिंदगी बचने से लोगों ने राहत की सांस ली।
