🔳 अंडर वाटर कंक्रिटिग में सामने आए बेहतर परिणाम
🔳 क्वारब में हाईवे की बुनियाद मजबूत करने को किया जा रहा इस्तेमाल
🔳 ईई ने कार्यदाई संस्था को दिए तय समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश
🔳 हाईवे पर बढ़ रहे भू-धंसाव को रोकने के लिए गतिमान है कार्य
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]

नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर क्वारब क्षेत्र में अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर बढ़ रहे भू-धंसाव को रोकने के लिए किए जा रहे सुरक्षात्मक कार्यों का एनएच के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार चौधरी ने औचक निरीक्षण किया। कार्यदाई संस्था के कर्मचारियों को विभिन्न दिशा निर्देश दे गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी। इटली से मंगवाया गया विशेष रसायन से अंडर वाटर कंक्रिटिग कार्य का भी जायजा लिया।
हाईवे पर क्वारब क्षेत्र में खस्ताहाल पहाड़ी व लगातार धंस रहा अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे एनएच प्रशासन के लिए बड़ी चिंता बन गया है। पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन व हाईवे के धंसाव को रोकने के लिए कोसी नदी की ओर करोड़ों रुपये की लागत से सुरक्षात्मक कार्य करवाए जा रहे हैं ताकि हाईवे पर यातायात सुचारु रहे। नदी क्षेत्र में सुरक्षात्मक कार्यों की बुनियाद को मजबूत करने के लिए इटली से मंगवाए गए विशेष प्रकार के रसायन का इस्तेमाल भी किया जा रहा है। गुरुवार को निर्माण कार्य का जायजा लेने एनएच के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार मय टीम क्वारब पहुंचे। कार्यदाई संस्था के कर्मचारियों के साथ कई तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। कर्मचारियों को दिशा निर्देश दे समय पर कार्य पूरा करने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। इटली से मंगाए गए विशेष प्रकार के रसायन के मिश्रण से किए गए कार्यों का भी बारिकी से जायजा लिया। एनएच के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार चौधरी के अनुसार विशेष प्रकार के रसायन से किए गए कार्य के बेहतर परिणाम सामने आए हैं। इस विधी का प्रयोग समुद्र में बनाए जाने वाले सेतुओं की बुनियाद की मजबूती के लिए किया जाता है। इस दौरान सहायक अभियंता जीसी पांडे, अवर अभियंता जगदीश पपनै आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!