🔳 कैंची में जहां तहां वाहनों को पार्क कर दे रहे हैं वाहन चालक
🔳 सुबह से शाम तक कई बार बन जा रही जाम की स्थिति
🔳 मनमानी पर आमादा वाहन चालक पुलिस प्रशासन को भी दे रहे चुनौती
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कैंची क्षेत्र में बेतरतीब ढंग से पार्क किए जा रहे वाहन जाम का बड़ा कारण बनते जा रहे हैं। भाजपा के पूर्व मंडल महामंत्री सुनील मेहरा वाहन को जहां तहां पार्क करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। आरोप लगाया की वाहन चालकों की लापरवाही का खामियाजा आवाजाही करने वाले यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
कैंची क्षेत्र में जाम से कुमाऊं से लेकर तराई तक के लोग परेशान है। जाम के कारण बड़े वाहनों की आवाजाही रोकने से पहाड़ में महत्वपूर्ण सामग्री की आपूर्ति तक प्रभावित हो जा रही है। पुलिस प्रशासन जाम से निपटने को हर संभव प्रयास कर रहा है पर मनमानी पर आमादा वाहन चालक कैंची मुख्य बाजार क्षेत्र में जहां तहां वाहनों को हाईवे किनारे पार्क कर दे रहे हैं जिस कारण जाम की समस्या सामने आ रही है। रविवार को भी सांई मंदिर के आसपास गलत दिशा में पार्क किए गए वाहनों से जाम लगने से छोटे बड़े वाहनों की कतार लग गई। आवाजाही करने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों ने गलत ढंग से वाहनों को पार्क करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने व भारी भरकम जुर्माना लगाए जाने की पुरजोर मांग उठाई। भाजपा के पूर्व मंडल महामंत्री सुनील मेहरा ने मंदिर के मुख्य गेट के आसपास पार्किंग सख्ती से प्रतिबंधित करने की मांग उठाई है।
