🔳 बैरोली गांव के पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने उठाई मांग
🔳 गांव पहुंची डीडीए व प्रशासन की संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण
🔳 ग्रामीणों ने बेतरतीब निर्माण कार्यों से गांव की ओर भूस्खलन का जताया अंदेशा
🔳 क़ृषि भूमि का उद्देश्य बदलकर अनगिनत फ्लैट निर्माण का लगाया आरोप
🔳 कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय में धरने का किया ऐलान
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
रामगढ़ ब्लॉक के बैरोली गांव के भुजाखान तोक में किए जा रहे बेतरतीब निर्माण कार्यों का मामला तूल पकड़ गया है। ग्रामीणों के लगातार आवाज उठाए जाने के बाद जिलाधिकारी वंदना सिंह के निर्देश पर जिला विकास प्राधिकरण व श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की। ग्रामीणों ने तत्काल निर्माण कार्यों पर रोक लगाने की मांग उठाई। आरोप लगाया की नियमों को ताक पर रख कृषि भूमि का उद्देश्य बदलकर बाहरी बिल्डर फ्लैट तैयार कर रहे हैं। तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी के अनुसार निरीक्षण रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी।
शुक्रवार को तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी व ज़िला विकास प्राधिकरण की संयुक्त टीम बैरोली गांव पहुंची। डीएम के निर्देश पर गांव पहुंची टीम के सदस्यों को ग्रामीणों ने बताया की भुजाखान तोक में नाप जमीन की आड़ में भारत सरकार की जमीन पर भी बड़े पैमाने पर कब्जा कर निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। अनुसुचित जाति के परिवारों के सदस्यों को बरगला कर कृषि योग्य जमीन की खरीद फरोख्त की गई है। मिलीभगत से जमीन को अकृषि किया गया है। भारी भरकम मशीनों से कार्य किए जाने से भविष्य में ठिक निचले हिस्से में बसे बैरोली गांव पर खतरा बढ़ने का अंदेशा है। बड़ी सांठगांठ से जमीन का उद्देश्य बदल अनगिनत फ्लैट तैयार किए जा रहे हैं। बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य होने से जल, जंगल व जमीन को नुकसान होना लाजिमी है। आरोप लगाया की भविष्य में प्राकृतिक जल स्रोत व भुमियादेव व गोरखनाथ मंदिर को भी नुकसान पहुंचने का अंदेशा है। वहीं भविष्य में गांव में पेयजल संकट गहराने के साथ ही गंदा पानी भी गांव की ओर रुख करेगा। ग्रामीणों ने एक स्वर में निर्माण कार्यों में रोक लगाने तथा जमीन का उद्देश्य बदलने पर जमीन को सरकार के खाते में दर्ज करने की मांग उठाई । चेतावनी दी की यदि कार्रवाई नहीं हुई तो फिर तहसील मुख्यालय में धरना शुरु किया जाएगा। तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी ने ग्रामीणों को सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। कहा की रिपोर्ट बनाकर जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। अग्रिम आदेश मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान डीडीए के सहायक अभियंता शिवम धीमान, निवर्तमान ग्राम प्रधान शोभा कपिल, बीडीसी निर्मला जीना, सरपंच प्रयाग सिंह जीना, जीवन सिंह बिष्ट, मोहन सिंह जीना, पूरन कपिल, पानी सिंह जीना, बिशन सिंह, जितेन्द्र सिंह, भीम सिंह, जीवन कनवाल, संतोष सिंह, शेर सिंह, किसन, सावित्री देवी, आशा देवी, चंद्रा जीना, परुली देवी आदि मौजूद रहे।
