🔳 बारिश व अंधड़ में दोगुना बढ़ जा रहा खतरा
🔳 विद्युत विभाग के सुध न लेने पर क्षेत्रवासियों में नाराजगी
🔳 जल्द बदहाल पोलों को बदल खतरा टालने की मांग
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खैरना बाजार क्षेत्र में विद्युत पोलों के खस्ताहाल में पहुंचने से बड़ी अनहोनी का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। आंधी तूफान व तेज बारिश में खतरा दोगुना बढ़ जा रहा है। स्थानीय व्यापारियों ने तत्काल जर्जर हालत में पहुंच चुके पोलो को बदलने की पुरजोर मांग उठाई है।
हाईवे पर स्थित गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में जहां एक और विद्युत तारों का जाल मुसीबत बना हुआ है वहीं खस्ताहालत में पहुंच चुके पोल बड़ी अनहोनी की ओर इशारा कर रहे हैं। खैरना चौराहे के समीप लगा विद्युत पोल नीचे हिस्से से गलता जा रहा है जिस कारण कभी तेज हवा में पोल धराशाई हो सकता है बावजूद विद्युत विभाग सुध नहीं ले रहा। बारिश व आंधी तूफान के दौरान स्थानीय लोग दहशत में आ जा रहे हैं। वहीं बाजार व स्कूली बच्चों की जिंदगी पर भी खतरा मंडरा रहा है। व्यापारी रोहन जोशी, भुवन जलाल, दीपक जोशी, पूरन टनवाल, राजेंद्र जोशी, चंदन करायत, चंदन करायत, रक्षित जलाल, बचे सिंह, नवीन सिंह, सुरेश मेलकानी आदि ने बाजार क्षेत्र में जर्जर हालत में पहुंच चुके विद्युत पोलों को तत्काल बदलने की मांग की है ताकि समय रहते खतरा टाला जा सके।
