🔳 दंपती के जहरीले पदार्थ खा लेने की घटना से ऊंचाकोट गांव में मातम
🔳 पोस्टमार्टम के बाद गमगीन माहौल में मृतक की अंत्येष्टि
🔳 स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल, गांव के लोग भी स्तब्ध
🔳 दंपती का खौफनाक कदम सवालों में उलझा
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के ऊंचाकोट गांव में पति पत्नी के विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लेने व पति की मौत के बाद अब पत्नी भी डा. सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में जिंदगी की जंग लड़ रही है। इधर पोस्टमार्टम के बाद मृतक पूर्व ग्राम प्रधान की कोसी नदी स्थित मोक्ष धाम में गमगीन माहौल में अंत्येष्टि कर दी गई है। पति पत्नी ने आखिरकार इतना बड़ा कदम क्यों उठा लिया यह अब भी पहेली बनी हुई है। स्वजनों के साथ ही गांव के लोग भी दंपति के इस फैसले को समझ नहीं पा रहे हैं।
ऊंचाकोट गांव में हुई हृदयविदारक घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। बीते रविवार शाम बेहद मिलनसार स्वभाव के पूर्व ग्राम प्रधान विजय व उसकी पत्नी सुनीता ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर जीवनलीला समाप्त करने की ठान ली। ज़हरीले पदार्थ का सेवन करने के बाद सुनीता ने समीप ही रहने वाली देवयानी को जानकारी भी दे दी। सख्ते में आए स्वजन व स्थानीय लोग दोनों को पीआरडी जवान के निजी वाहन से अस्पताल लेकर रवाना हुए पर अस्पताल पहुंचने से पहले ही विजय ने दम तोड़ दिया। प्राथमिक उपचार के बाद सुनीता को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। सोमवार को खैरना पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेजा। देर शाम कोसी नदी के तट पर स्थित मोक्ष धाम में गमगीन माहौल के बीच मृतक की अंत्येष्टि कर दी गई। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों व तमाम गांवों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने चहेते विजय को नम आंखों से विदाई दी। घटना से स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। अब तक स्वजन व गांव के लोग बेहद मिलनसार स्वभाव के विजय व सुनीता के इस कदम पर विश्वास ही नहीं कर पा रहे। आखिरकार ऐसा क्या हुआ की दोनों को एकसाथ विषाक्त पदार्थ के सेवन को मजबूर होना पड़ा। विजय के दम तोड़ देने व सुनीता के उपचाररत होने से तमाम सवाल अब भी जवाब ढूंढ रहे हैं।




