🔳 जानवरों के मारे जाने से पशुपालन का कार्य भी हो रहा प्रभावित
🔳 धारी गांव पहुंचे गढ़वाल की महिला किसानों ने बयां किया दर्द
🔳 बेतालघाट ब्लॉक के किसानों ने भी जंगली जानवरों को ठहराया जिम्मेदार
🔳 जल्द ठोस उपाय न किए जाने पर भविष्य में हालात बिगड़ने का जताया अंदेशा
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
कुमाऊं ही नहीं गढ़वाल के धरतीपुत्र भी चौपट होती खेती व पशुपालन में लगातार नुकसान होने से चिंतित हैं। बेतालघाट ब्लॉक के धारी गांव पहुंचे किसानों ने गांव के किसानों से विचार साझा किए। लगातार नुकसान पर चिंता जताई। धारी गांव के किसानों ने भी पशुपालन व खेतीबाड़ी चौपट होने के लिए जंगली जानवरों को जिम्मेदार ठहराया। कुमाऊं व गढ़वाल के किसानों के बीच हुई चर्चा से स्पष्ट हुआ की गढ़वाल में भालू व लंगूर तो कुमाऊं में जंगली सूअर , खरगोश व मोर खेती को खत्म करने पर आमादा है।
गढ़वाल के चमोली व जोशीमठ के कोबा तथा जेलम गांव से बेतालघाट ब्लॉक के धारी गांव पहुंचे महिला किसानों के दल ने खेतीबाड़ी व पशुपालन पर खुलकर विचार साझा किए। महिला किसान कंचनी देवी ने बताया की उनके क्षेत्र में भालू व लंगूर खेतीबाड़ी को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। खेती-बाड़ी करना नुकसान का सौदा साबित हो रहा है। मेघुली देवी ने कहा की लगातार नुकसान होने से खेतीबाड़ी से मोहभंग होता जा रहा है। बाली देवी व झूमा देवी, सावित्री देवी ने बताया की खेतीबाड़ी में नुकसान होने से कई लोग पशुपालन की ओर रुख करते हैं पर गुलदार मवेशियों को मार डाल रहे हैं जिंससे पशुपालकों को भी नुकसान की मार झेलनी पड़ रही है। धारी गांव के किसानों ने भी लगातार चौपट होती खेती के लिए खरगोश, मोर तथा जंगली सूअर व बंदरों को जिम्मेदार ठहराया। पशुपालकों के लिए गुलदार को बड़ी समस्या बताया। कुमाऊं व गढ़वाल के किसानों के बीच हुई चर्चा से स्पष्ट हो गया की प्रदेश में किसानों के खेतीबाड़ी व पशुपालकों के लिए पशुपालन का कार्य अब नुकसान का सौदा बनता जा रहा है। कुमाऊं व गढ़वाल के किसानों ने एक स्वर में कहा की यदि समय रहते खेतीबाड़ी बचाने को घेर बाढ़ व गुलदार की घुसपैठ रोकने को ठोस योजना तैयार नहीं की गई तो भविष्य में बड़ा संकट सामने आएगा।




