🔳 80 मीटर की लंबाई में पांच मीटर चौड़ाई क्षेत्रफल में पहाड़ी कटान की शुरु हुई कवायद
🔳 पहले दिन बारिश ने डाला कार्य में खलल
🔳 हाईवे के धंसने से खड़ी हुई है समस्या, आवाजाही भी है ठप
🔳 दूसरे दिन भी वाया रानीखेत होते हुए यात्रियों ने नापी गंतव्य की दूरी
🔳 कई वाहनों ने चौसली से वाया बेड़गांव होते हुए काकड़ीघाट को किया रुख
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर क्वारब क्षेत्र में हाईवे के ध्वस्त हो जाने के बाद अब एनएच प्रशासन अस्थाई हाईवे तैयार करने में जुट गया है। पहले दिन शुरु हुए कार्य में बारिश ने बांधा डाल दी। हालांकि कुछ देर पोकलैंड मशीन की मदद से कार्य किया गया। एनएच के अधिशासी अभियंता महेंद्र कुमार के अनुसार पांच मीटर चौड़ाई में करीब 80 मीटर दायरे में पहाड़ी कटान कर वैकल्पिक हाईवे तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
कुमाऊं की लाइफ लाइन के क्वारब क्षेत्र में दरक जाने से बड़ा संकट खड़ा हो गया है। लगातार पहाड़ी से हो रहे भूस्खलन को रोकने के लिए कई दौर के सर्वे के बाद एनएच प्रशासन रणनीति तैयार ही कर ही रहा था की बीते शुक्रवार को हाईवे का एक हिस्सा भरभरा के कोसी नदी की ओर जा गिरा। हाईवे के ध्वस्त हो जाने से बड़े वाहनों की आवाजाही ठप होने के बाद छोटे वाहनों की रफ्तार भी थम गई। खतरे के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने खैरना से रुट डायवर्ट कर दिया। शनिवार को एनएच के अधिशासी अभियंता महेंद्र कुमार मय टीम क्वारब पहुंचे। हालातों का जायजा ले वैकल्पिक हाईवे तैयार करने की रणनीति तैयार कर पोकलैंड मशीन से पहाड़ी कटान का कार्य शुरु करवाया गया। कुछ देर कार्य शुरु हो ही सका था की बारिश ने बांधा डाल दी और मशीन चालक को पीछे हटना पड़ा। एनएच के अधिशासी अभियंता महेंद्र कुमार के अनुसार करीब 80 मीटर लंबाई में पहाड़ी कटान कर पांच मीटर चौड़ाई में वैकल्पिक हाईवे तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। मौसम ने साथ दिया तो जल्द कार्य पूरा कर लिया जाएगा।




