🔳 यात्री व पर्यटक जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर
🔳 खतरे वाले स्थानों पर सुरक्षा के उपाय नदारद
🔳 निर्माणधीन कलमठों के आसपास भी सुरक्षा के नहीं हैं प्रबंधन
🔳 आए दिन सामने आ रही दुर्घटनाओं के बाद भी नहीं टूट रही एनएच प्रशासन की नींद
🔳 अधिशासी अभियंता ने किया जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने का दावा
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर जगह जगह खतरा मुंह उठाए खड़ा है बावजूद जिम्मेदार सुध नहीं ले रहे। यात्री व पर्यटक जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हैं। कई बार खतरे वाले स्थानों पर सुरक्षित यातायात के ठोस उपाय किए जाने की मांग भी उठ चुकी है पर जिम्मेदार अनदेखी पर आमादा है। निर्माणधीन कलमठ के आसपास तक सुरक्षा के प्रबंध नहीं किए गए हैं। एनएच के ईई प्रवीन कुमार के अनुसार जल्द सुरक्षात्मक कार्य करवाए जाने को ठोस कदम उठाए जाएंगे।
पहाड़ की घुमावदार सड़कों पर आए दिन हादसे सामने आ रहे हैं। हादसों का शिकार होकर यात्रियों की जिंदगी खत्म हो रही है तो कई गंभीर रुप से घायल हो रहे हैं। कुमाऊं के महत्वपूर्ण अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर भी कदम कदम पर खतरा मुंह उठाए खड़ा है। रामगढ़, दोपांखी, पाडली समेत तमाम स्थानों पर सुरक्षात्मक कार्यों के अभाव में दुर्घटना का खतरा बना हुआ है बावजूद एनएच प्रशासन अनदेखी पर आमादा है। क्रश बैरियर व पैराफिट न होने से वाहनों के खाई की ओर पलटने का अंदेशा है। कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त तक हो चुके हैं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। दोपांखी क्षेत्र में बीते दिनों कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई पर आज तक उस स्थान पर दुर्घटना से रोकने को कोई भी कार्य नहीं हो सका है ऐसे में हाईवे पर आवाजाही कर रहे पर्यटक व यात्री जान जोखिम में डाल यात्रा कर रहे हैं। हाईवे पर कलमठ निर्माण के कार्यों में भी लोगों की जिंदगी से खुला खिलवाड़ किया जा रहा है। कलमठ के आसपास तक सुरक्षा के कोई उपाय नहीं किए गए हैं। कई वाहन चालक रात के समय कलमठों से धोखा खा जा रहे‌। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति के विरेन्द्र सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया कि कई बार सुरक्षात्मक कार्यों की मांग उठाई जा चुकी है बावजूद सुध नहीं ली जा रही जिसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। ऐसा लगता है मानो एनएच प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा हो। ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश सचिव शेखर दानी, व्यापारी नेता गजेंद्र सिंह, मनीष तिवारी आदि ने खतरे वाले स्थानों पर सुरक्षात्मक कार्य करवाए जाने की मांग उठाई है। एनएच के अधिशासी अभियंता प्रवीन कुमार के अनुसार खतरे वाले स्थानों पर सुरक्षात्मक कार्यों के लिए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। निर्माणधीन कलमठों के आसपास सुरक्षा के उपाय किए जाने को कार्यदाई संस्था को निर्देशित किया जाएगा।

error: Content is protected !!