🔳 कैंची के समीप दो पेड़ धराशाई होने से आवाजाही हुई ठप
🔳 जाम लगने से हाइवे पर लगी वाहनों की लंबी कतार, एंबुलेंस भी फंसी
🔳 घंटे भर की कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन की मदद से हटाए जा सके पेड़
🔳 आवाजाही सुचारु होने से यात्रियों ने भी ली राहत की सांस
{{{ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट}}}}

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कैंची क्षेत्र के समीप विशालकाय पेड़ धराशाई होने से आवाजाही ठप हो गई। गनीमत रही कि पेड़ की जद में आवाजाही करने वाले वाहन नहीं आए और बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर पहुंची जेसीबी मशीन की मदद से पेड़ हटाए जाने के बाद बामुश्किल घंटे भर बाद आवाजाही सुचारु हो सकी। यातायात सुचारु होने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।
मंगलवार सुबह कैंची क्षेत्र के समीप एकाएक चीड़ के दो विशालकाय पेड़ हाइवे पर आ गिरे। एक साथ दो पेड़ गिरने से हड़कंप मच गया। गनीमत रही की कोई चोटील नहीं हुआ और बड़ी घटना टल गई। दो पेड़ों के एक साथ धराशाई हो जाने से हाईवे पर आवाजाही भी पूर्णत: ठप हो गई। दोनों और छोटे बड़े वाहनों की लंबी कतार लगती चली गई। जाम में एंबुलेंस वाहन भी फंस गया। आवाजाही कर रहे यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहनों के अंदर उमस ने भी लोगों को परेशान किया। जाम में फंसे तहसीलदार बेतालघाट भुवन चंद भंडारी ने एनएच के अधिकारियों से संपर्क साध मामले की जानकारी दी। सूचना पर रातीघाट क्षेत्र से जेसीबी मशीन मौके पर पहुंची। दोनों पेड़ हटाने का कार्य शुरु किया गया।विशालकाय पेड़ों को हटाने में जेसीबी मशीन चालक को भी तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब घंटे भर की कड़ी मशक्कत के बाद बामुश्किल दोनों पेड़ हटाए जा सके तब जाकर हाईवे पर आवाजाही सुचारु हो सकी। तहसीलदार बेतालघाट ने सभी वाहनों को रुकवाकर जाम में फंसी एंबुलेंस को पहले रवाना करवाया।