🔳चैक पोस्टों पर ही नहीं हो रहा तय नियमों का पालन
🔳भुजान व बेतालघाट क्षेत्र में स्थापित किए गए हैं माइनिंग चैकपोस्ट
🔳भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय से निजी कंपनी का हुआ है अनुबंध
🔳बगैर तौल कांटा उपखनिज व रॉयल्टी चोरी रोकने पर उठे सवाल
🔳 चैक पोस्टों से ही अनियमितता को मिल रही हरी झंडी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट))))

कोसी घाटी में उपखनिज रायल्टी चोरी से सरकार को लगाई जा रही चपत पर अंकुश लगाने को स्थापित किए गए चैक पोस्ट ही सवालों के घेरे में आ गए हैं। लंबा समय बीतने के बावजूद आधी अधूरी तैयारी व तय नियमों की अनदेखी कर स्थापित चैक पोस्ट पर मिलीभगत की बू आने लगी है। राजस्व चोरी रोकने को स्थापित किए गए चैक पोस्ट पर खेला होने का अंदेशा भी है। बार बार सवाल उठ रहा है की जब चैक पोस्टों पर खुद ही नियमों की अनदेखी की जा रही है तो रायल्टी चोरी पर अंकुश कैसे लगेगा।
दरअसल भूतल एवं खनिकर्म निदेशालय व एक निजी कंपनी के मध्य विभिन्न बिंदुओं पर अनुबंध हुआ है। अनुबंध के तहत कंपनी को नैनीताल जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में दस आंतरिक चैक पोस्ट स्थापित कर उपखनिज से लदे वाहनों का भार तथा रायल्टी की जांच का जिम्मा सौंपा गया है। कंपनी को जुर्माना लगाने का अधिकार भी सौंपा गया है पर समीपवर्ती भुजान व बेतालघाट से अमेल रोड पर स्थापित किए गए चैक पोस्ट पर ही नियमों के उलट आधी अधूरी तैयारी के साथ चैकिंग की जा रही है। वाहनों में लदे उपखनिज के तौल के लिए तौल कांटा तक स्थापित नहीं किया गया है आधी अधूरी तैयारी के साथ चैकिंग शुरु होने से लोगों ने तमाम सवाल खड़े कर दिए है। आरोप लगाया है की नियमों का पालन करने व राजस्व की चोरी रोकने को स्थापित किए गए चैक पोस्ट में ही नियमों की बली दी जा रही है। कोसी घाटी क्षेत्र से रोजाना सैकड़ों वाहन उपखनिज लेकर आवाजाही करते हैं ऐसे में चैक पोस्ट पर वाहनों को रोका भी जाता है पर बगैर तौल के उपखनिज से लदे वाहनों की जांच कैसे की जाती है यह बड़ा सवाल है। साथ ही वाहन में लदे उपखनिज की रायल्टी से पुष्टी भी संदेह के घेरे में है। मामले को लेकर खनन विभाग के निदेशक राजपाल लेघा व जिला खान अधिकारी ताजेश्वर सिंह से संपर्क साधने की कोशिश की गई पर दोनों ही अधिकारियों का फोन रिसीव नहीं हुआ।

error: Content is protected !!