🔳लगातार मूसलाधार बारिश से शिप्रा नदी का वेग भी हुआ तेज
🔳आबादी के नजदीक तक नदियों का पानी पहुंचने से हड़कंप
🔳पुलिस – प्रशासन की टीम ने मुनादी कर किया लोगों को अलर्ट
🔳दो दिन से लगाकर बारिश से कोसी घाटी के बाजारों में पसरा सन्नाटा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
लगातार मूसलाधार बारिश से कोसी व शिप्रा नदी का वेग बढ़ने से हड़कंप मच गया। नदियों का पानी आबादी के नजदीक तक पहुंचने से लोग सख्ते में आ गए। पुलिस व प्रशासन ने क्वारब से बेतालघाट तक लोगों से नदी के समीप ना जाने की अपील की। सुयालबाड़ी व आमबाडी क्षेत्र में नदी के बीचोबीच कई बेसहारा गोवंशीय पशु भी शाम तक फंसे रहे।
दो दिन से हो रही लगातार बारिश से कोसी घाटी क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हो गया। मूसलाधार बारिश से गांवो से लोगों के गरमपानी, खैरना, बेतालघाट, सुयालबाड़ी आदि बाजार क्षेत्रों में न पहुंचने से बाजार सूने रहे। लगातार बारिश से कोसी व शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ने से हड़कंप मच गया। रामगढ़ ब्लॉक के सुयालबाड़ी व रामगढ़ ब्लॉक के आमबाडी क्षेत्र में कोसी नदी में पहुंचे करीब छह गोवंशीय पशु पानी का वेग बढ़ने से नदी क्षेत्र में ही फंस गए। थाना बेतालघाट, चौकी खैरना , क्वारब तथा श्री कैंची धाम तथा बेतालघाट तहसील के अधिकारियों व कर्मचारियों ने मुनादी कर लोगों से नदी के नजदीक न जाने की अपील की। लोगों को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। ग्रामीण सड़कों के साथ ही अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे व रानीखेत खैरना स्टेट हाइवे भी जगह जगह जलमग्न रहा। सड़कों पर जलभराव होने से लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा।




