🔳दोपांखी क्षेत्र में हाटमिक्स मशीन के खराब होने से पटरी से उतरी व्यवस्था
🔳छोटे बड़े वाहनों की लंबी कतार लगने से यात्री व पर्यटक हुए परेशान
🔳खैरना पुलिस की टीम ने बामुश्किल यातायात कराया सुचारु
🔳मशीन के आगे बढ़ने के बाद बामुश्किल यातायात हुआ सामान्य
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर दोपांखी क्षेत्र में हाटमिक्स मशीन में तकनीकी खराबी आ जाने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। दोनों ओर कई किमी लंबी वाहनों की कतार लग गई। चौकी पुलिस खैरना की टीम ने बामुश्किल वन वे यातायात सुचारु कराया। साढ़े तीन घंटे बाद मशीन में आई तकनीकी खराबी को दूर किया जा सका तब जाकर बामुश्किल यातायात सामान्य हुआ।
हाइवे पर जाम एक बड़ी समस्या बन चुकी है। बदहाल हाइवे पर जगह जगह जाम लगने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पर्यटक सीजन के चलते भी हाइवे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है‌। शुक्रवार को दोपहर एक बजे के आसपास खैरना से कैंची की ओर जा रही हाटमिक्स कार्य में इस्तेमाल होने वाली पैबर मशीन में दोपांखी क्षेत्र के नजदीक तकनीकी खराबी आ गई। मशीन का टायर तक निकल गया। एकाएक मशीन के हाइवे पर खराब हो जाने से आवाजाही ठप हो गई। हाइवे पर भीषण जाम की स्थिति बन गई। दोनों ओर छोटे बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम लगने से पर्यटकों व यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर चौकी प्रभारी खैरना धर्मेंद्र कुमार मय टीम मौके पर पहुंचे। यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने को एक एक कर वाहनों की आवाजाही शुरु कराई। वन वे व्यवस्था बनाकर जाम खुलवाया। साढ़े तीन घंटे तक पुलिसकर्मी वाहनों को एक एक कर आगे बढ़ाते रहे। तकरीबन साढ़े तीन बजे बामुश्किल मशीन की खराबी को दूर किया जा सका। मशीन के आगे बढ़ने के बाद हाइवे पर बामुश्किल हालात सामान्य हुए। तेज धूप में पुलिस टीम यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने में जुटी रही। इस दौरान जगदीश धामी, प्रयाग जोशी, राजेंद्र सती आदि पुलिसकर्मी मौजूद रहे।