🔳खैरना, घंघरेठी, मुसौली, बजोल, बमस्यूं समेत तमाम गांवों में लोग परेशान
🔳प्राकृतिक स्रोत सूखने के कगार पर पहुंचे
🔳दूर दराज से पानी ढोने को मजबूर हुए गांवों के बाशिंदे
🔳हाइवे पर स्थित अस्पताल में भी पानी का अकाल
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
कोसी घाटी में गर्मियों की दस्तक के साथ ही पीने के पानी को हाहाकार मचा हुआ है। गांवों के बाशिंदे दिन भर दूर दराज से सिर पर बर्तन रख पानी ढोने को मजबूर हो चुके हैं। मवेशियों के हलक तर करने को भी कई किमी दूर रुख करना पड़ रहा है। लंबे समय से व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की मांग भी उठाई जा रही है पर अफसर सुध नहीं ले रहे जिसका खामियाजा क्षेत्रवासियों को भुगतना पड़ रहा है।
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में पेयजल संकट गहराने से ग्रामीण परेशान हैं। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित खैरना बाजार क्षेत्र में ही लंबे समय से व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है। बूंद बूंद पानी के लिए बाजार के बाशिंदे तरस रहे हैं। अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मी, चिकित्सकों के साथ ही मरीज भी हलक तर करने को दूरदराज रुख करने को मजबूर हो चुके हैं। जल संस्थान पिकअप वाहन में पानी भेज पल्ला झाड़ ले रहा है। वहीं समीपवर्ती घंघरेठी, बजोल, बमस्यूं, मुसौली आदि गांवों के बाशिंदे दूर दराज से पानी ढो रहे है। मवेशियों के लिए भी पानी का संकट खड़ा हो चुका है ऐसे में पशुपालक मवेशियों को दूरदराज ले जाकर पानी दे रहे हैं। समुचित बारिश न होने से गांवों में स्थित प्राकृतिक जल स्रोत भी सूख चुके हैं जिस कारण समस्या दोगुनी हो गई है। ग्रामीणों ने जल संस्थान से संकटग्रस्त क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की मांग उठाई है ताकि रोजाना की परेशानी से निजात मिल सके।




