🔳हली गांव में डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली योजना पर खड़े हुए सवाल
🔳पेयजल आपूर्ति तो दूर पाइप लाइन तक नहीं बिछा सका है विभाग
🔳डीएम खुद गांव पहुंचकर योजना का कार्य जल्द निपटाने के दे चुकी है आदेश
🔳विभागीय अनदेखी पर ग्राम प्रधान ने जताई गहरी नाराजगी
🔳सहायक अभियंता ने जल्द कार्य पूरा करवाने का किया दावा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में जल जीवन मिशन योजना सवालों के घेरे में आ गई है। करोड़ों रुपये की लागत से निर्माणाधीन योजनाओं में कहीं गुणवत्ता तो कहीं लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। हली गांव में भी हालात जस के तस है डेढ़ करोड़ की योजना का कार्य पूरा न हो पाने से ग्रामीण परेशान हैं यह हालत तब है जब खुद जिलाधिकारी तक योजना का कार्य पूरा करने के निर्देश दे चुकी है बावजूद जल संस्थान लापरवाही पर आमादा है।
जल संस्थान के अधिकारी आपदा प्रभावित हली गांव की उपेक्षा पर ही आमादा हो चुके हैं। गांव में पानी का सूखा खत्म करने को महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन के तहत करीब डेढ़ करोड़ रुपये की धनराशि से कुछ महीने पहले योजना की नींव रखी गई। आरोप है की लंबा समय बीतने के बावजूद आज तक ग्राम पंचायत के खूणा, पोखराधार, हली, किमूपानी, तितौली आदि तोक तक आज तक पाइप लाइन बिछाने का कार्य ही शुरु नही हो सका है जबकि जिलाधिकारी वंदना सिंह ने आपदा प्रभावित होली गांव का दौरा कर जल संस्थान को जल्द कार्य पूरा कर आपूर्ति सुचारु करने कै निर्देश दिए थे बावजूद डीएम के आदेशों की भी धज्जियां उड़ाई जा रही है। पेयजल संकट के कारण ग्रामीण एक किमी दूर से सिर पर पानी के बर्तन ढोकर घरों तक पहुंचा रहे हैं। गांव के 140 से भी अधिक परिवार बूंद बूंद पानी को तरस रहे हैं। बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारी लापरवाही पर आमादा है। ग्राम प्रधान ललित मोहन आर्या के अनुसार योजना निर्माण में लापरवाही की जा रही है। ठेकेदार फोन उठाने को तैयार नहीं जबकि जल संस्थान के अधिकारी सुध नहीं ले रहे जिसका खामियाजा गांव के बाशिंदों को भुगतना पड़ रहा है। अधिकारी जिलाधिकारी के आदेश तक को ताक पर रख दें रहे हैं। दो टूक चेतावनी दी है की यदि योजना निर्माण में लापरवाही की गई तो फिर ग्रामीणों को साथ लेकर आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा। जल संस्थान के सहायक अभियंता दिलीप सिंह बिष्ट के अनुसार जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।




