🔳विकेंड पर यातायात का दबाव बढ़ने से थम जा रही रफ्तार
🔳पुलिस ने अल्मोड़ा व नैनीताल के बोर्डर पर रोके बड़े वाहन
🔳कुमाऊं की लाइफ लाइन पर जाम बनी बड़ी समस्या
🔳व्यवस्था चाक चौबंद करने को ठोस उपाय किए जाने की उठी मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर विकेंड पर यातायात का दबाव दोगुना बढ़ जा रहा है। कैंची धाम उमड़ने वाले श्रद्धालुओं व पहाड़ों को पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से जाम की समस्या भी बढ़ गई है। हालांकि पुलिस ने नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद के बोर्डर पर खैरना क्षेत्र में बड़े वाहनों को रोक दिया बावजूद दिन भर हाइवे पर वाहन रेंगते रहे।
शनिवार को अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर वाहनों का दबाव बढ़ने से दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। खैरना व कैंची पुलिस की टीम को यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। सुबह से ही बड़े वाहनों को अल्मोड़ा व नैनीताल जनपद की सीमा पर खैरना क्षेत्र में रोक लिया गया बावजूद दिनभर में कई बार खैरना, रातीघाट, कैंची, निगलाट आदि क्षेत्रों में जाम की स्थिति बनी रही। आवाजाही कर रहे यात्रियों व पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खैरना बाजार क्षेत्र में मरीज लेकर जा रही एंबुलेंस भी फंसी रही। बामुश्किल यातायात सुचारु होने के बाद एंबुलेंस आगे बढ़ सकी। स्थानीय लोगों ने हाइवे पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने को ठोस कदम उठाए जाने की मांग उठाई है।




