🔳जंगल में फायर लाइन काट किया गया पिरुल निस्तारण
🔳रामगढ़ ब्लॉक के खैरदा गांव से सटे जंगल में चार घंटे चलाया गया अभियान
🔳ग्रामीणों ने व्यक्त किया आरोही संस्था का आभार
🔳आसपास के जंगलों को बचाने का भी लिया गया संकल्प
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
जंगलों को आग से बचाने में वन विभाग नाकाम साबित हो रहा है ऐसे में अब आरोही संस्था ने ग्रामीणों को साथ लेकर वनों को आग से बचाने का जिम्मा संभाल लिया है। रामगढ़ ब्लॉक के खैरदा गांव से सटे जंगल में संस्था ने वन पंचायत समिति व गांव के बाशिंदों को साथ लेकर फायर लाइन काट पिरुल एकत्र कर निस्तारण किया। संस्था के अधिशासी निदेशक पंकज तिवारी के अनुसार अन्य गांवों में भी अभियान शुरु किया जाएगा।
जंगलों में आग धधकने की घटनाएं तेज होती जा रही है। बेशकीमती वन संपदा के राख होने के बाद अब जंगलों की आग आबादी को रुख करने लगी है। ऐसे में अनहोनी का अंदेशा बढ़ता ही जा रहा है। जंगलों को आग से बचाने को अब आरोही संस्था ने कदम बढ़ा दिए है। शनिवार को संस्था सदस्यों ने रामगढ़ ब्लॉक के खैरदा गांव से सटे जंगल में वन पंचायत समिति व ग्रामीणों को साथ लेकर जंगल को आग से बचाने का अभियान शुरु किया। संस्था ने ग्रामीणों को समुचित उपकरण उपलब्ध कराए तथा जंगल में फायर लाइन काट पिरुल एकत्र किया। करीब चार घंटे तक चले अभियान में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। ग्राम प्रधान मुन्नी देवी, संरपच हेमा देवी व समिति सदस्यों, ग्रामीणों व संस्था सदस्यों ने मिलजुल कर चुनौतियों से निपटने का संकल्प लिया। संस्था के अधिशासी निदेशक पंकज तिवारी ने कहा की अन्य गांवों में भी जल्द अभियान शुरु किया जाएगा। कहा की जंगलों को आग से बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर अभियान में भागीदारी करने का भरोसा दिलाया।




