🔳गांव के समीप तक वाहन पहुंचने से तीस ज्यादा उपभोक्ताओं हुए लाभान्वित
🔳पहले दो किमी की दूरी तय करने के बाद मिलता था सिलेंडर
🔳सीएम पोर्टल पर मामला दर्ज होने के बाद हरकत में आया गैस विभाग
🔳समस्या का समाधान होने पर गांव में खुशी की लहर
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के सूदूर काशी पोखरा गांव तक पहली बार रसोई गैस वाहन पहुंचने पर गांव के बाशिंदों ने राहत की सांस ली। पहले ग्रामीणों को दूर किमी की दूरी तय करने के बाद सिलेंडर मिल पाता था। सीएम पोर्टल पर मामला दर्ज होने के बाद गैस विभाग के अधिकारियों ने आखिरकार गांव की सुध ले ही ली और गांव तक रसोई गैस वाहन भिजवा दिया। गांव तक पहली बार रसोई गैस वाहन पहुंचने पर ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त की है।
भवाली स्थित गैस गोदाम से पहुंचने वाले गैस वाहन से जीआइसी ताड़ीखेत के समीप रसोई गैस का वितरण किया जाता है। काशी पोखरा गांव से जीआइसी तक की दूरी करीब दो किमी है। ऐसे में गांव के करीब तीस उपभोक्ताओं को सिर पर सिलेंडर रख गैस वाहन तक पहुंचाना पड़ता है फिर दोबारा सिलेंडर गांव लाया जाता है। गांव तक सड़क निर्माण होने के बावजूद वाहन गांव तक न पहुंच पाने का मुद्दा बीते दिनों जोर शोर से उठा साथ ही स्थानीय ललित प्रसाद ने शिकायत मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल पर भी दर्ज कराई। आरोप लगाया की कई बार मांग उठाए जाने के बावजूद कोई सुध नहीं ली जा रही। लगातार गांव के लोगों की अनदेखी की जा रही है। मामले के तूल पकड़ने पर अब गैस विभाग हरकत में आ गया है। शुक्रवार को गैस गोदाम प्रभारी दीपा पाटनी के निर्देश पर संबंधित विभाग ने गैस वाहन को काशी पोखरा गांव तक भेजा। गांव तक पहली बार सिलेंडर वाहन पहुंचने से गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। गांव के उपभोक्ताओं को सिलेंडर मुहैया करवाए गए। गांव तक वाहन पहुंचने से ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली। स्थानीय ग्रामीणों ने गैस वाहन से आपूर्ति को रोस्टर तैयार किए जाने की मांग उठाई है साथ ही गैस विभाग का आभार भी व्यक्त किया है।




