🔳पाडली क्षेत्र में आवासीय भवन तक आग पहुंचने से मची अफरा तफरी
🔳धनियाकोट गांव स्थित जीआइसी परिसर तक पहुंची आग
🔳खुशालकोट व बमस्यूं क्षेत्र से सटे जंगल में भी आग का तांडव
🔳धधक रहे जंगलों को बचाने में वन विभाग हुआ नाकाम
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटे पाडली गांव में जंगल से उठी आग की लपटे आवासीय मकान तक पहुंचने से अफरा तफरी मच गई। ग्रामीणों व भवन स्वामी ने बामुश्किल आग पर काबू पाया। लगातार धधक रही आग से खतरा बढ़ गया है। ग्रामीण आग बुझाने में जुटे रहे। रानीखेत खैरना स्टेट हाइवे पर भी खुशालकोट क्षेत्र से सटा जंगल आग से राख हो गया। जीआइसी धनियाकोट के परिसर तक भी आग पहुंचने से हड़कंप मच गया। देर रात तक जंगल धूं-धूं कर जलता रहा।
शुक्रवार शाम हाइवे से सटा पाडली क्षेत्र का जंगल भीषण आग की चपेट में आ गया। कुछ ही देर में आग की लपटों ने पाडली गांव की ओर रुख कर लिया। आग स्थानीय अशोक कुमार के मकान की नजदीक तक पहुंच गई। स्थानीय ग्रामीणों व भवन स्वामी ने बामुश्किल आग पर काबू पाया। गांव के अन्य आवासीय भवनों को भी खतरा बढ़ गया है। बेतालघाट ब्लॉक के धनियाकोट गांव में स्थित जीआइसी परिसर के नजदीक तक भी आग पहुंच गई। आग ने विद्यालय परिसर में फलदार पेड़ों को भी नुकसान पहुंचा दिया। ग्रामीणों ने अभियान चलाकर बामुश्किल आग को विद्यालय के कमरों तक पहुंचने से रोका। रानीखेत खैरना स्टेट हाइवे पर भी खुशालकोट व बमस्यूं क्षेत्र से सटा जंगल धूं-धूं कर धधक उठा। स्टेट हाइवे तक आग पहुंचने से आवाजाही प्रभावित हो गई। आग की लपटों के शांत होने के बाद बामुश्किल आवाजाही सुचारु हो सकी। जंगलों को बचाने में नाकाम साबित हो रहे वन विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर क्षेत्रवासियों ने गहरी नाराजगी जताई है।




