🔳बुधलाकोट गांव में बनाई गई रोस्टर की व्यवस्था
🔳प्राकृतिक जल स्रोत में लगातार कम हो रहे जलस्तर के चलते लिया गया निर्णय
🔳दो गांवों को बारी बारी से मिलेगा पीने का पानी
🔳ग्राम प्रधान ने किया गांव के बाशिंदों से सहयोग का आह्वान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
लगातार गहरा रहे पेयजल संकट के चलते अब शहरी क्षेत्रों की तर्ज पर गांवों में भी रोस्टर के हिसाब से गांव के बाशिंदों को पीने का पानी नसीब होगा। बेतालघाट ब्लॉक के बुधलाकोट गांव में रोस्टर तैयार कर लिया गया है। ग्राम प्रधान ललित चंद्र आर्या के अनुसार प्राकृतिक जल स्रोत में पानी कम होने से रोस्टर अनुसार ही गांवों में पानी उपलब्ध कराने की रणनीति तैयार की गई है।
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में गर्मी शुरु होने के साथ ही पीने के पानी को हाहाकार मच गया है। गांवों के बाशिंदे दूर दराज स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से सिर पानी पानी के बर्तन रख घरों को पहुंचाने को मजबूर हो चुके हैं। पेयजल संकट गहराने से गांवों के बाशिंदों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शादी – विवाह व धार्मिक आयोजनों में वाहनों के जरिए पानी ढोया जा रहा है वहीं अब सूदूर बुधलाकोट गांव में गहरा रहे पेयजल संकट के मद्देनजर रोस्टर तैयार कर गांव के लोगों को पानी उपलब्ध कराने की रणनीति तैयार की गई है। बुधलाकोट गांव के बाशिंदों को सुबह नौ से शाम चार बजे तक जबकी चूरानी तोक के लोगों को रात्री के समय पानी उपलब्ध कराया जाएगा। ग्राम प्रधान ललित चंद्र आर्या के अनुसार बुधलकोट – चूरानी पेयजल योजना से गांव को पैयजल आपूर्ति की जाती है पर प्राकृतिक जल स्रोत में पानी कम होता जा रहा है ऐसे में सभी लोगों को पेयजल उपलब्ध हो सके इसके लिए रोस्टर तैयार किया गया है। ग्राम प्रधान ने क्षेत्रवासियों से पानी बचाने का आह्वान भी किया है।




