🔳वन विभाग ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
🔳प्रथमदृष्टया आपसी संघर्ष में मारे जाने का अंदेशा
🔳पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चलेगा मौत के असल कारणों का पता
🔳ग्रामीणों ने किया बीती रात जंगल से जानवरों के लड़ने की आवाज सुनाई देने का दावा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित रातीघाट क्षेत्र में गुलदार का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रानीबाग स्थित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया है। वन विभाग के कर्मचारियों के अनुसार प्रथमदृष्टया आपसी संघर्ष में गुलदार के मारे जाने का अंदेशा है। स्थानीय लोगों के अनुसार दो दिन पहले समीपवर्ती जंगल से जानवरों के लड़ने की भी काफिर आवाजें आ रही थी।
बुधवार को रातीघाट में चाय नर्सरी में कार्य करने वाली कुछ महिलाएं शिप्रा नदी के समीप पानी लगाने रवाना हुई। एकाएक रास्ते में गुलदार को पड़ा देख महिलाओं के होश उड़ गए। महिलाओं ने सूचना आसपास के लोगों को दी। वन विभाग को भी सूचना भेजी गई। वन दरोगा मनीषा भंडारी, खजान पांडे, सोनी बिष्ट तथा स्थानीय तारा सिंह बिष्ट, पूरन सिंह बिष्ट मौके पर पहुंचे। गुलदार का शव मिलने की सूचना पूरे गांव में आग की तरह फ़ैल गई। मौके पर भीड़ जुटने लगी। वन विभाग की टीम ने गुलदार के शव को कब्जे में ले लिया तथा पोस्टमार्टम के लिए रानीबाग स्थित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले दो दिन से रातीघाट क्षेत्र से सटे जंगल से जानवरों के लड़ने की काफी आवाज़ भी आ रही थी। वन दरोगा मनीषा भंडारी के अनुसार मौत के असल कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा। प्रथमदृष्टया गुलदार की मौत आपसी संघर्ष से प्रतीत हो रही है। वन दरोगा के अनुसार गुलदार की उम्र करीब एक वर्ष के आसपास है जबकि वह मादा गुलदार है।




