🔳छड़ा व पटानी क्षेत्र से सटे जंगल से उठी लपटों से मचा हड़कंप
🔳अनहोनी की अंदेशे से निगरानी करते रहे ग्रामीण
🔳टल गया बड़ा हादसा, गांव तक पहुंचने से पहले ही शांत हुई लपटें
🔳एक के बाद एक जंगलो के राख होने से क्षेत्रवासियों में रोष
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
जंगलों में लगी आग का तांडव कम होने का नाम नहीं ले रहा। जंगलों के आग से राख होने का सिलसिला जारी है बावजूद वन विभाग मूकदर्शक बना हुआ है। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटे छड़ा व पटानी क्षेत्र के जंगल से उठी आग की लपटों से हड़कंप मच गया। आग के आबादी तक पहुंचने के अंदेशे से गांव में अफरा तफरी का माहौल रहा। कोई बड़ी अनहोनी न हो इसके लिए ग्रामीणों ने जाग कर रात बिताई। जंगल रात भर धूं-धूं कर जलता रहा।
लगातार बढ़ रही आग की घटनाओं से एक के बाद एक जंगल राख में तब्दील होते जा रहे हैं वहीं अब जंगलों की आग आबादी तक भी पहुंचने लगी है। मोटर मार्गों से सटे जंगलों के धधकने से आवाजाही भी खतरनाक हो चुकी है। बीते रोज देर रात एकाएक हाइवे से सटे छड़ा व पटानी क्षेत्र से लगे जंगल में आग धधक उठी। रात के वक्त जंगल में धधकी आग से गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग की लपटे विकराल होती चली गई। जंगल में सूख चुकी झाड़ियों ने आग की रफ्तार को दोगुना बढ़ा दिया। लगातार बढ़ रही आग को देख गांव के बाशिंदे भी सख्ते में आ गए। जंगल की आग गांव की ओर न बड़े इसके लिए गांव के बाशिंदे रात में जागकर निगरानी में जुटे रहे। हालांकि मध्य रात्रि में आग की लपटों के कम होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली पर आग ने जंगल क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचा दिया। जंगलों के लगातार आग की चपेट में आने से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच चुका है जबकि आग से तापमान भी बढ़ने लगा है। जंगलों से उठ रहे धुएं के वायुमंडल में फैलने से सांस संबंधी बिमारियों का खतरा भी बढ़ता ही जा रहा है। स्थानीय दीवान सिंह बिष्ट ने जंगलों को आग से बचाने को ठोस कदम न उठाए जाने पर गहरी नाराजगी जताई है।




