🔳दिन ढलने के साथ ही शराबी बड़ा दे रहे सक्रियता
🔳चौक बाजार क्षेत्र में आसानी से उपलब्ध हो रही अवैध शराब
🔳कांग्रेस पदाधिकारी ने उठाई कार्रवाई की मांग
🔳कभी भी बड़ी घटना सामने आने का जताया अंदेशा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के मल्लाकोट गांव में शराबियों के आंतक से माहौल अशांत होता जा रहा है। लगातार बिगड़ रहे माहौल से कभी भी बड़ी घटना सामने आने का अंदेशा बना हुआ है। चौक बाजार क्षेत्र में अवैध शराब आसानी से मुहैया हो जाने से दिन ढलने के साथ ही शराबी उत्पात पर उतारु हो जा रहे हैं।
तमाम गांवों को जोड़ने वाले रातीघाट – बेतालघाट मोटर मार्ग से सटा मल्लाकोट गांव दिन ढलने के साथ ही शराबियों के आंतक से अशांत हो जा रहा है। शराबियों के बढ़ते आंतक से गांव के बाशिंदे परेशान हैं। कभी भी अप्रिय घटना सामने आने का अंदेशा भी बढ़ता ही जा रहा है। गांव के नजदीक चौक बाजार क्षेत्र में धड़ल्ले से बिक रही अवैध शराब से नशा करने वालों को आसानी से शराब उपलब्ध हो जा रही है जिससे शराब पीने के बाद अराजकता पर उतारु हो जा रहे हैं। खेत किसान मजदूर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव कृपाल सिंह मेहरा ने आरोप लगाया है की कई बार शराबियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई जा चुकी है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। गांव का माहौल लगातार अशांत होता जा रहा है। भविष्य में बड़ी घटना का अंदेशा भी जताया है। कृपाल सिंह ने माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। चेतावनी दी है की यदि जल्द मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों को साथ लेकर आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा।




