🔳कोसी नदी पर बेतरतीब खनन से बाढ़ ने तहस नहस कर डाली थी करोड़ों रुपये की योजनाएं
🔳करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़कों की हो चुकी दुर्गती
🔳अवैध उपखनिज से लदे वाहन सड़कों को कर दे रहे तहस नहस
🔳खुलेआम अवैध खदान से सरकार को लगाई जा रही राजस्व की चपत
🔳 ज़िम्मेदार विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी उठ रहे सवाल
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बेतालघाट क्षेत्र में बहने वाली जीवनदायिनी कोसी नदी पर बेतरतीब ढंग से किए जा रहे खदान से पूर्व में कई सिंचाई व पेयजल योजनाएं ध्वस्त हो चुकी है बावजूद सबक न लेकर धड़ल्ले से मनमाने ढंग से खदान किया जा रहा है। चोरी के उपखनिज से लदे वाहन सड़कों पर तेज रफ्तार दौड़ रहे हैं जिससे सड़क मार्ग की हालत भी दयनीय हो चुकी है। अवैध खनन पर अंकुश का दावा करने वाले विभागीय अफसरों की चुप्पी से तमाम गंभीर सवाल खड़े होने लाजिमी है।
बेतालघाट क्षेत्र में बहने वाली कोसी नदी का बरसात के मौसम में तांडव भूलाए नहीं भूला जा सकता है। नदी के रौद्र वेग ने देखते ही देखते पल भर में कई सिंचाई व पेयजल योजनाओं को ध्वस्त कर डाला था । करोड़ों रुपये की सरकारी परिसंपत्ति देखते ही देखते नेस्तनाबूत हो गई। आपदा को चार साल का लंबा समय बीतने के बावजूद आज तक योजनाओं का पुनर्निर्माण नहीं हो सका है। लोगों की मानें तो इस नुकसान का सबसे बड़ा कारण नदी क्षेत्र में हुआ बेतरतीब खदान रहा। नदी क्षेत्र में मनमाने ढंग से हुए खदान से बाड़ का पानी देखते ही देखते तेजी से इधर उधर फैलता चला गया और कुछ ही देर में सरकारी योजनाओं को तहस नहस कर डाला। मामले से सबक लेने के बजाय दोबारा नदी में बेतरतीब खदान शुरु कर दिया गया। जहां तहां बड़े बड़े गड्डे पुनरावृति की ओर इशारा कर रहे हैं बावजूद सुध नहीं ली जा रहीं। अवैध खनन पर सख्ती से अंकुश लगाने का दावा करने वाले विभागीय अधिकारियों की अनदेखी एक बार फिर बड़े पैमाने पर होने वाले नुकसान की संभावना की ओर इशारा कर रहे हैं। सड़कों की हालत भी दयनीय हो चुकी है। चोरी का उपखनिज लेकर दौड़ रहे वाहन सड़कों के लिए भी अभिशाप बन चुके हैं। सरकार समय समय पर करोड़ों रुपये से सड़कों की मरम्मत भी करा रही हैं पर ओवरलोड वाहन सड़क का अस्तित्व मिटाने पर आमादा है। नदी का सीना चीर बेतरतीब ढंग से किए जा रहे खदान से भविष्य में बड़ी घटना सामने आने का अंदेशा भी बढ़ता ही जा रहा है। बहरहाल यदि समय रहते बेतरतीब ढंग से कोसी नदी क्षेत्र में हो रहे खदान पर अंकुश नहीं लगाया गया तो फिर एक दिन नदी तट से सटे गांवों तक बाढ़ का पानी घुसने से कोई नहीं रोक सकता।

error: Content is protected !!