🔳गांव गांव पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रत्याशी के पक्ष में बनाया माहौल
🔳भाजपाइयों ने भी दिखाया दमखम ताबड़तोड़ गांवों के किए दौरे
🔳प्रचार थमने के बाद अब गुणा भाग में जुटे कार्यकर्ता
🔳बूथवार बढ़त बनाने की रणनीति होने लगी तैयार
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
प्रचार के अंतिम दिन भाजपा व कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। प्रचार थमने के पार्टी कार्यालयों में कार्यकर्ताओं ने बूथवार बढ़त बनाने को गुणा भाग किया। दोनों ही पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने रिकॉर्ड मतों से प्रत्याशी के जीत का दावा किया। दिन ढलने के साथ ही और दिनों पदाधिकारियों से भरे रहने वाले कार्यालयों में विरानी छा गई।
बुधवार को बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में पहुंचकर भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रचार के अंतिम दिन अपने अपने प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। अलग अलग टोलियों में कार्यकर्ताओं ने गांवों में ताबड़तोड़ दौरे किए। बेतालघाट ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शेखर दानी की अगुवाई में कार्यकर्ता घंघरेठी, आमबाडी, रौलिया गांव, टूग्यूडा बड़ा समेत तमाम गांवों में पहुंचकर लोगों से पार्टी प्रत्याशी प्रकाश जोशी के पक्ष में मतदान कर रिकॉर्ड मतों से जीत दिलाने का आह्वान किया। यहां महिला मोर्चा ब्लॉक अध्यक्ष चंपा बोहरा, ललिता कोहली, उमा जलाल, सीता आर्या, धना बोहरा, पुष्पा देवी, हेम जोशी, नवीन चंद्र आर्या, सुंदर सिंह, प्रमोद आर्या आदि जुटे रहे। उधर भाजपा कार्यकर्ताओं ने रातीघाट शक्ति केंद्र प्रभारी मनीष तिवारी की अगुवाई में भवाली गांव व आसपास के क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशी अजय भट्ट को विजयी बनाने की अपील गांवों के बाशिंदों से की। कार्यकर्ताओं ने अजय भट्ट को जीत दिलाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मजबूत बनाने का आह्वान भी किया। इस दौरान देवेंद्र भंडारी, बालम मेहरा, नीरज बिष्ट, दीवान सिंह, चंदन मेहरा आदि जुटे रहे। शाम पांच बजने के साथ ही कार्यकर्ता गांवों से वापस लौट पार्टी कार्यालय पहुंचे जहां आगे की रणनीति तैयार कर बूथवार बढ़त बनाने पर मंथन किया गया। प्रचार के दिनों में अमूमन कार्यकर्ताओं से भरे रहने वाले भाजपा व कांग्रेस पार्टी कार्यालयों में शाम होते होते सन्नाटा पसर गया।




